तिलहर। औषधि निरीक्षक शालिनी मित्रा ने बुधवार दोपहर कई मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई मेडिकल स्टोर पर बिल जारी किए बगैर दवाओं की बिक्री पर उन्होंने नाराजगी जताई और कई दवाओं के नमूने भी लिए।
औषधि निरीक्षक दोपहर करीब एक बजे जैसे ही बाजार में पहुंचीं, कुछ ही देर में कई दुकानदार अपनी दुकानों के शटर गिराकर मौके से गायब हो गए। वह अपनी टीम के साथ बाजार में घूमीं तो उन्हें कई मेडिकल स्टोर बंद मिले। उन्होंने कर्मचारियों से दवा की बंद पाई गईं दुकानों का विवरण नोट कराया। बाद में उन्होंने फैजान मेडिकोज, समद मेडिकोज और सईद मेडिकल स्टोर खुला मिलने पर वहां जाकर जांच की।
औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर पर मिली दवाओं का खरीद बिलों और स्टॉक रजिस्टर से मिलान कराया। उनके दवा बिक्री के लाइसेंसों की वैधता अवधि जांची और रैक में रखी दवाइयों का स्टॉक देखा। उन्होंने जांच में पाया गया कि तीनों मेडिकल स्टोर पर दवाओं की बिक्री बिना बिल के की जा रही है। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और तीनों दुकानों से दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। औषधि निरीक्षक ने बताया कि तीनों मेडिकल स्टोर संचालकों नोटिस जारी करके उनसे स्पष्टीकरण लिया जाएगा।