शाहजहांपुर। डीआरएम अजय नंदन ने शनिवार को बंथरा सेक्शन तथा शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। वह बंथरा से दोपहर तीन बजे शाहजहांपुर स्टेशन आए। उन्होंने मालगोदाम रोड का निर्माण जल्द शुरू कराने के लिए निर्देशित किया।
अपनी स्पेशल ट्रेन से आए डीआरएम अजय नंदन ने शाहजहांपुर स्टेशन पर उतरते ही एनईआर के स्टेशन पर गए। यहां उन्होंने यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। सफाई रखने का निर्देश भी दिया। वह सीधे रेलवे के गेस्ट हाउस पहुंचे और वहां रेल अधिकारियों के साथ भोजन किया। कुछ देर विश्राम करने के बाद वह बाहर निकले और स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों का निरीक्षण किया। पार्सल का जायजा लिया। सर्कुलेटिंग एरिया देखा। इसके बाद वह स्टेशन की सेकेंड एंटी मालगोदाम की ओर पहुंचे। उन्होंने पहले मालगोदाम रोड पर बन रहे नाले और सड़क निर्माण की प्रगति के संबंध में जानकारी ली तथा जल्द काम पूरा कराए जाने के निर्देश दिए।
इसके बाद सेकेंड एंट्री पर ग्रीन जोन बनाने को लेकर संबंधित को निर्देशित किया। डीआरएम की ओर से निर्देश दिया गया है कि यात्री आय को बढ़ाया जाए। यात्री सुविधाओं पर ध्यान दिया जाए। उनके साथ आईं डीसीएम सुगंधा ने हिंदी पुस्तकालय का निरीक्षण किया। वहां फटी पुस्तकों को देखा कर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। छोटी लाइन पर टिकट व्यवस्था तथा पार्सल कार्यालय का जायजा भी लिया। इसके बाद पेड यूज शौचालय देखे। उनको शुरू कराए जाने के लिए टेंडर कराने के निर्देश दिए। इससे पहले डीआरएम बंथरा रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां उन्होंने कृभको तक डाली जा रही लाइन को देखा। कार्य को लेकर संबंधित से जानकारी ली तथा दिशा निर्देश दिए।
तिलहर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनाना आवश्यक : सांसद
सांसद राज्यसभा मिथिलेश कुमार कठेरिया ने शनिवार को डीआरएम अजय नंदन के साथ शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के वीआईपी गेस्ट हाउस में बैठक की और रेलवे संबंधित विभिन्न समस्याओं से उनको अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि शाहजहांपुर-बरेली रेलवे लाइन पर दिल्ली, हरिद्वार, देहरादून, पंजाब व जम्मू कश्मीर तक काफी संख्या में गाड़ियां संचालित होती है। शाहजहांपुर के अंतर्गत तिलहर रेलवे फाटक पर जाम की समस्या आए दिन बनी रहती है। इससे वाहनों व जनमानस को आवागमन में काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। जिस कारण जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए शाहजहांपुर-बरेली रेलवे लाइन पर तिलहर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनाना बहुत जरूरी है। बताया कि फर्रुखाबाद-मैलानी नई रेलवे लाइन बिछाने के लिए सर्वे का कार्य पूर्ण हो चुका है। लेकिन इस परियोजना पर अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। लगभग 150 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना के पूरा होने के बाद इस क्षेत्र में निवास करने वाले लाखों लोगों के लिए वरदान साबित होगी।