रोजा क्षेत्र में जमुका दोराहे पर ग्राम कटिया कम्मू मार्ग पर हादसे के बाद जमा भीड़। स्रोत: जागरू
रोजा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली हाईवे के जमुका दोराहे के आगे कटिया कम्मू माेड़ के सामने बने अवैध कट के पास शनिवार सुबह करीब छह बजे लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप आगे चल रहे ट्रैक्टर से जुड़ी ट्रॉली में जा घुसी। इस हादसे में पिकअप का केबिन दब जाने से उसमें बैठे चालक व हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच, ट्रैक्टर लेकर उसका चालक भाग गया।
पिकअप चालक मेरठ जिले के भावनपुर निवासी इरकान मेरठ शहर के रहने वाले हेल्पर गुफरान के साथ मिर्जापुर जा रहा था। उन्होंने मौके पर पहुंची पुलिस को बताया कि कटिया कम्मू मोड़ के पास बने अवैध कट से एक ट्रैक्टर-ट्राॅली अचानक हाईवे पर आ गई। पिकअप में जब तक ब्रेक लगाए, वह ट्राॅली में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि पिकअप का केबिन दब गया और चालक व हेल्पर उसी में फंस गए। पुलिस ने क्रेन मंगाई और उससे केबिन खिंचवाकर चालक व हेल्पर को बाहर निकाला। दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। संवाद