तिलहर। नगर के मोहल्ला बहादुरगंज में एक्सपायरी पैकेट के दूध से बनी चाय पीने से एक ही परिवार के चार लोगों की हालत बिगड़ गई। तत्काल सभी को एक निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। एक महिला की हालत ज्यादा बिगड़ने पर बरेली भेज दिया गया।
तिलहर कस्बे के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी प्रशांत शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह वह मोहल्ले में स्थित एक दुकान से दूध का पैकेट खरीदकर लाए थे, जो चाय में डाला गया। चाय पीने के कुछ देर बाद प्रशांत, उनके पिता दिनेश शर्मा, मां रानी शर्मा, भाई अभिशांत शर्मा को उल्टियां होने लगीं और चेहरे पर सूजन आ गई। उनकी हालत बिगड़ी देख परिवार वाले घबरा गए। प्रशांत ने बताया कि वह परिजन समेत मिलने वालों की मदद से नगर के एक निजी अस्पताल गए। जहां उन्हें भर्ती कर लिया गया। प्रशांत की मां रानी शर्मा की हालत में सुधार न होने पर उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। बाकी तीन लोगों की इलाज के बाद देर शाम की हालत में काफी सुधार हो गया, जिससे उन्हें घर भेज दिया गया।