गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सम्मान प्राप्त करते शिक्षक डॉ. अरुण गुप्ता। स्रोत :
शाहजहांपुर। शिक्षक दिवस पर शनिवार को गोरखपुर के योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय धन्योरा के सहायक अध्यापक डॉ. अरुण कुमार गुप्ता को भी राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया। डॉ. अरुण पुरस्कार में प्राप्त 25 हजार रुपये की धनराशि में 25 प्रतिशत जिला आपदा प्रबंधन कोष में देंगे। 25 प्रतिशत धनराशि को स्कूल के बच्चों पर खर्च करेंगे।
पुरस्कार मिलने के बाद डॉ. अरुण गुप्ता ने कहा कि इस धनराशि से आपदा प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों के लिए कॉपी, पेंसिल, रबर आदि स्टेशनरी खरीदी जा सकेगी। उन्होंने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा पोषक पदार्थों की जानकारी के लिए सांप-सीढ़ी, उपस्थिति बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान और विज्ञान शिक्षण के लिए पजल आधारित टीएलएम तैयार किए।
स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी नवाचार के लिए उन्हें एनसीईआरटी, नई दिल्ली की राष्ट्रीय स्तर की अखिल भारतीय नवाचार प्रतियोगिता में भी सम्मानित किया जा चुका है। कोरोनाकाल में उन्होंने घर-घर पुस्तकालय, मोहल्ला कक्षा और समाचारपत्र के आकार की वर्कशीट के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई जारी रखी।
डॉ. अरुण ने पुरस्कार को परिवार, विद्यालय, सहयोगियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि अब बच्चों के लिए दोगुनी ऊर्जा से काम करने की जिम्मेदारी बढ़ गई है।