शाहजहांपुर। पूर्व केंद्रीय गृहराज्यमंत्री चिन्मयानंद से सवा करोड़ रुपये फिरौती मांगने के मामले में आरोपी डीसीबी चेयरमैन डीपीएस राठौर एक बार फिर चिन्मयानंद के खेमे में पहुंचने की चर्चाएं आम हो गई हैं। मंगलवार को डीपीएस राठौर ने चिन्मयानंद के जन्मदिन पर मुमुक्षु आश्राम पहुंचकर उन्हें बधाई दी, इससे राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गरम हो गया है। वहीं डीसीबी चेयरमैन का कहना है चिन्मयानंद उनके राजनीतिक व अध्यात्मिक गुरु हैं।
दरअसल जेल से रिहा होने के बाद मंगलवार को मुमुक्षु आश्रम में चिन्मयानंद ने अपना 74वां जन्मदिन मनाया था, इसमें राजनीति के साथ ही शहर के प्रबुद्य लोगों को आमंत्रित किया गया था, इस दौरान डीसीबी चेयरमैन डीपीएस राठौर भी अपने समर्थकों के साथ मुमुक्षु आश्रम पहुंचे और चिन्मयानंद के चरण छूकर उनका आशीर्वाद लिया। साथ ही उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। उनके साथ ही समाजसेवी डॉ. केडी सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री संजय सिंह, समाजसेवी राघवेंद्र प्रताप सिंह नीटू और क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष केपी सिंह भी फूलमाला लेकर चिन्मयानंद को बधाई देने पहुंचे। डीपीएस राठौर का चिन्मयानंद को बधाई देने पहुंचना चर्चा का विषय बन गया।
डीसीबी चेयरमैन ने बताया कि चिन्मयानंद उनके आध्यात्मिक गुरु हैं, उन्होंने उनके यहां होने वाले हर कार्यक्रम में उन्होंने शिरकत की है। डीबीसी चेयरमैन बनाए जाने में चिन्मयानंद का आशीर्वाद उन्हें मिला। कुछ लोगों ने साजिशन उनके बीच दरार पैदा करने के लिए उनके खिलाफ साजिश रची है। हालांकि कार्यक्रम में डीपीएस की मौजूदगी से राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर उनके चिन्मयानंद के खेमे में पहुंचने की चर्चाएं होने लगी हैं।