शाहजहांपुर। होली पर मिलावटी सामान की बिक्री रोकने के लिए एफएसडीए के अधिकारी अब सक्रिय हो गए हैं। बृहस्पतिवार को टीम ने तिलहर तहसील क्षेत्र में छह नमूने भरे। मिल्क पाउडर से मावा बनाने की सूचना पर अफसरों ने गढ़िया रंगीन क्षेत्र के गांव खिरिया रतन मेें मावा धावा बोला। वहां की एक भट्ठी से मावा के दो नमूने लिए, लेकिन इस बीच अन्य लोग दहकती भट्ठियां बंद करके खिसक लिए। इससे पहले अधिकारियों ने तिलहर और बुधवाना के बाजार में भ्रमण कर बेसन के तीन और रिफाइंड ऑयल का एक नमूना भरा।
दोपहर करीब एक बजे तिलहर पहुंचे एफएसडीए के अफसरों ने एसडीएम मोईन उल इस्लाम के नेतृत्व में बिरियागंज बाजार में दो दुकानों पर छापा मारकर बेसन और रिफाइंड सोयाबीन के नमूने लिए। बाद मेें टीम जैतीपुर पहुंची तो नवादा मोड़ के पास मिठाई विक्रेताओं में खलबली मच गई। टीम ने वहां की दुकानों पर सरसरी निगाह डाली और गढ़िया रंगीन के पास बुधवाना पहुंची। वहां मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने किराना की दो दुकानों से बेसन के नमूने सील कराए।
टीम आने की सूचना पर लौज बनाने वालों में मची खलबली
जैतीपुर। एफएसडीए की टीम आने की भनक लगते ही आसपास के कई गांवों मेें मिलावटी मावा और मिल्क पाउडर से लौज बनाने वाले धंधेबाजों में खलबली मच गई। बता दें कि क्षेत्र के गांव खिरिया रतन समेत बिरिया मकरंदपुर, हिम्मतपुर, बंडिया, भिटारा आदि में मावा का बड़ा धंधा होता है। यहां तैयार की गई लौट बरेली, बदायूं, दातागंज, फरीदपुर आदि कई नगरों में सप्लाई की जाती है।
इसके बावजूद एफएसडीए की टीम ने अभियान गांव खिरिया रतन तक सीमित रखा। वहां की जिन भट्ठियों पर अफसर पहुंचे, वहां कोई गड़बड़ी नहीं मिली क्योंकि कढ़ाई में दूध उबलता पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि वहां से तैयार मिले मावा के दो नमूने लिए गए हैं। मिठाई की अन्य कई दुकानों की जांच के दौरान एक दुकान पर एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक मिली, जिसे नष्ट कराया गया। खिरिया रतन में मावा बनाने वाले अन्य कई लोगों ने किसी कार्रवाई से बचने के लिए अफसरों की टीम आने की भनक लगते ही भट्ठियों में कंडे डालकर पानी उड़ेल दिया और फरार हो गए।