तिलहर विधायक रोशन लाल वर्मा मरीजों की शिकायत पर सोमवार की दोपहर उनसे मिलने जिला अस्पताल पहुंचे। मरीजों ने बताया कि डॉक्टर बाहर की दवाई भी लिखते हैं और बाहर के मरीज भी देखते हैं। इसी बात पर विधायक और सीएमएस की नोकझोंक हो गई। इस पर सीएमएस ने कहा कि डॉक्टर उनकी बात नहीं सुनते हैं। सीएमएस ने विधायक को आश्वासन दिया कि वह डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिखेंगे।
रोशन लाल वर्मा ने जिला अस्पताल में मरीजों को हालचाल लिया। मरीजों ने शिकायत करते हुए बताया कि डॉक्टर बाहर की दवाई लिखते हैं और घर में प्राइवेट में देखते हैं। मरीजों ने बताया कि उनके बिस्तर पर बिछाने के लिए चादर नहीं दिए जाते हैं। डेंगू से परेशान मरीजों ने बताया कि अस्पताल में मच्छरों की भरमार है। इनकी वजह से न दिन में आराम और न ही रात में सूकून। मरीजों ने अस्पताल में गंदगी की भी शिकायत की। मरीजों की शिकायत सुनकर विधायक ने सीएमएस डॉ. केशव स्वामी को बुला लिया और डॉक्टरों के द्वारा अस्पताल से बाहर दवाई लिखी जाने और घर में प्राइवेट देखने की शिकायत की। इस पर सीएमएस ने कहा कि वह डॉक्टरों की कई बार शिकायत कर चुके है, कोई डॉक्टर उनकी बात नहीं सुनता है। गंदगी पर सीएमएस ने बताया कि ठेेकेदार के आदमी दो दिन से सफाई नहीं कर रहे है। जिसकी शिकायत डीएम से कर दी गई है। मरीजों की शिकायत पर विधायक और सीएमएस के बीच नोकझोंक भी हुई। इसके बाद सीएमएस ने अपने केबिन में विधायक रोशल लाल वर्मा को आश्वासन दिया कि वह डॉक्टरों की उच्चाधिकारियों से शिकायत कर उनके खिलाफ कार्रवाई कराएंगे।
चिकित्सक पर फुलटाइम नहीं बैठने का आरोप
शाहजहांपुर। अभाविप ने पुराना जिला अस्पताल में आयुर्वेदिक चिकित्सक के निर्धारित समय तक नहीं बैठने पर रोष जताया है। इस संबंध में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को ज्ञापन देकर इस ओर ध्यान देने की मांग की गई है। प्रदेश कार्य समिति के सदस्य रामजी अवस्थी, मयंक द्विवेदी, अमन रावत, शिवम पंडित, ऋषभ पांडेय, शिवम सक्सेना, अनुराग सिंह, गौरव मिश्रा आदि ने मरीजों की परेशानी को ध्यान में रखकर चिकित्सकों को निर्धारित समय तक अस्पताल में बैठाने की मांग की है।