बंडा के कुंडरा गांव में जन चौपाल में योजनाओं की जानकारी देते डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह। संवाद
बंडा (शाहजहांपुर)। अभिनेता राजपाल यादव के पैतृक गांव कुंडरा में बृहस्पतिवार को जन चौपाल का आयोजन किया गया। अभिनेता भी मौजूद रहे। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने चार दिसंबर तक मतदाता फॉर्म जमा करने की अपील की। लोगों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण के निर्देश दिए।
जन चौपाल में फिल्म अभिनेता राजपाल यादव ने बचपन की यादों को साझा करते हुए कहा कि उनका गांव के रास्तों और खेतों में जीवन बीता है। उन्होंने जिला प्रशासन से क्षेत्र की तीन सड़कें बनवाने की अपेक्षा की। डीएम ने कहा कि प्रस्ताव शासन में स्वीकृत होते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
डीएम ने कहा कि लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से या कार्यालय आकर मिल सकते हैं। डीएम ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के फॉर्म बीएलओ वितरित कर रहे हैं। उनको सभी लोग भरकर बीएलओ के पास जमा कर दें। चार दिसंबर तक जिसका फॉर्म भरकर नहीं दिया आएगा, उसका नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ सकेगा।
उन्होंने सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। डीएम ने कहा कि स्कूलों में इन्फ्रास्ट्रक्चर से लेकर शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। गांव में खेल मैदान, पुस्तकालय, मिड-डे मील शेड बनाए जा रहे हैं। इस दौरान एसपी राजेश द्विवेदी, सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, एसडीएम पुवायां चित्रा निर्वाल आदि मौजूद रहे।