शाहजहांपुर। शासन से संबद्धीकरण पर रोक के बावजूद जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ददरौल में एकीकृत प्रशिक्षण के लिए शिक्षकों को संबद्ध कर दिया गया। यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष के विरोध के बाद प्रभारी प्राचार्य ने शिक्षकों को स्कूलों के लिए रिलीव कर दिया है।
11 नवंबर से 31 जनवरी के मध्य प्राथमिक व कंपोजिट स्कूलों के शिक्षकों का एकीकृत प्रशिक्षण चल रहा है। सात नवंबर को प्रभारी प्राचार्य बीएल मौर्या ने भावलखेड़ा ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय समरयी से नंदिनी कश्यप, ददरौल के कंपोजिट स्कूल मोहद्दीनपुर व प्राथमिक विद्यालय सफ्तयारा से मानस दीक्षित, मदनापुर के कंपोजिट स्कूल से शशांक शंकर वाजपेयी, बंडा के प्राथमिक विद्यालय नरेंद्रपुर के अतुल कुमार व भावलखेड़ा के प्राथमिक विद्यालय दनियापुर के अजय कुमार माथुर को प्रशिक्षण के लिए मांगा था।
शिक्षकों को संबद्ध करने के मामले में यूटा के जिलाध्यक्ष विनीत गंगवार ने विरोध जताया। उन्होंने प्राचार्य सोनिया गुप्ता को कॉल कर शासन के निर्देशों का पालन नहीं होने पर एतराज जताया। विरोध के बाद प्रभारी प्राचार्य बीएल मौर्या ने शिक्षकों को प्रशिक्षण से रिलीव कर दिया है। उन्होंने बताया कि संदर्भदाता को कार्य होने के चलते शिक्षक मांगे गए थे। शिक्षकों को रिलीव कर दिया गया है। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि पूरे जिले में कहीं पर संबद्धीकरण नहीं है।
तिलहर में भी खत्म किए संबद्धीकरण
तिलहर विकासखंड के जिन स्कूलों में सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र व अनुदेशकों का सबद्धीकरण था, उसे बीईओ ने खत्म कर मूल विद्यालय में तैनाती के निर्देश दिए हैं। बीईओ ने पत्र में बताया कि मूल विद्यालय में दो दिन में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर कार्रवाई कर दी जाएगी।