शाहजहांपुर। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने हनुमत धाम के पास खन्नौत नदी पर निर्माणाधीन रिवर फ्रंट के साथ बरेली मोड़ के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण किया।
इसके अलावा गर्रा नदी से निकली अजीजगंज पंप कैनाल पर 1200 मीटर सीसी लाइनिंग निर्माण कार्य को भी देखा। डीएम ने गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए। खन्नौत नदी पर पक्का पुल से नए पुल तक पक्की दीवार एवं पथ विकास के साथ हनुमत धाम के चारों ओर सुंदरीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
डीएम के निरीक्षण के समय टो-वॉल का कार्य होता हुआ पाया गया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि 40 प्रतिशत निर्माण हो गया है और शेष दो-तीन महीने में पूरा कर लिया जाएगा। डीएम ने गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश दिए। डीएम ने बरेली मोड़ के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य के दौरान विद्युत पोल, ई-बस स्टैंड एवं पेड़ों को साइड में शिफ्ट कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि फर्श का कार्य रंगीन कराया जाए। डीएम ने पंप कैनाल पर 1200 मीटर सीसी लाइनिंग निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि नहर की चौड़ाई सभी जगह एक समान होनी चाहिए। इस दौरान नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र साथ रहे। संवाद