प्रकाश पर्व दिवाली पर शहर की बिजली लाइनों को ओवरलोडिंग से होने वाले फाल्ट से बचाने और उन्हें चालू रखने के लिए पॉवर कारपोरेशन के अभियंताआें ने एचटी और एलटी लाइनों की ओवरहॉलिंग का काम शुरू करा दिया है। पहले चरण में गोविंदगंज सब स्टेशन के फीडरों की लाइनें सुधारी जा रही हैं। करीब 65 हजार शहरी बिजली उपभोक्ताओं के लिए पॉवर कारपोरेशन ने 90 किलोमीटर एचटी-एलटी लाइनों का नेटवर्क बिछा रखा है। शहर के कई इलाकों की लाइनें पुरानी हो जाने से उनके तार आए दिन टूटते हैं। ऐसी करीब दस किलोमीटर लंबी लाइनें बदलने और मेटीनेंस के लिए चिन्हित की गई हैं। इसके साथ त्योहार पर बिजली की डिमांड बढ़ने के दौरान ट्रांसफार्मरों को हीटअप होेने से बचाने के लिए उनमें ऑयल फिलिंग, बुशिंग कराई जा रही है।
पहले चरण में गोविंदगंज सब स्टेशन से जुड़े क्षेत्रों में लाइन मेंटीनेंस वर्क शुरू किया गया है। मल्हार मोड़ और तारीन टिकली नई कालोनी क्षेत्र के फीडर पर चार घंटे शटडाउन लेकर लाइन बदलने का काम कराया जा चुका है। क्षेत्र के प्रभारी अवर अभियंता अलंकृत मिश्र के अनुसार अन्य लाइनों के तार कसवाने के साथ उन्हें आपस में टकराने से रोकनेे के लिए बांस की खपच्चियां बांधी जा रही हैं।
रोड क्रॉसिंग की लाइनों पर होगा काम
बहादुरगंज सब स्टेशन के प्रभारी जेई शैलेंद्र पांडेय के अनुसार जिन क्षेत्रों में 11 केवी की एलटी लाइनें रोड क्रॉस करके निकाली गई हैं, उन्हें खास तौर पर चेक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिन में सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव अधिक होेने से इस काम के लिए सुबह अथवा दिन ढले का समय चुना गया है।
दिवाली पर नए बिजली सब स्टेशन से सप्लाई की उम्मीद
सब कुछ ठीक रहा तो प्रकाश पर्व दिवाली से पहले तिलहर नगर को करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए 132 केवी के नए पावर स्टेशन से भरपूर बिजली सप्लाई मिलने लगेगी। इसके लिए सब स्टेशन भवन और यार्ड में मशीनरी की स्थापना करने के बाद पैना से तिलहर तक 132 केवी की नई हाईटेंशन लाइन भी बिछाई जा चुकी है। विद्युत सुरक्षा निदेशालय से नई लाइन की एनओसी मिलने के बाद अब उसकी टेस्टिंग का काम पूरा होते ही नया सब स्टेशन पावर नेटवर्क से जोड़ दिया जाएगा।
तिलहर नगर के उपभोक्ताओं को अभी तक 33 केवी सब स्टेशन से बिजली सप्लाई मिल रही है। वहां वर्तमान में जिला मुख्यालय पर चिनौर के 132 केवी सब स्टेशन से बिजली भेजी जा रही है। फसलों की सिंचाई के दौर में ग्रामीण अंचल में बिजली की डिमांड बढ़ने पर सब स्टेशन ओवरलोडिंग के शिकंजे में आ जाता है, लेकिन सब स्टेशन के चालू हो जाने से ओवरलोडिंग के साथ लाइन लॉस की समस्या भी खत्म हो जाएगी।
ओवरलोडिंग की समस्या को देखते शासन को दो साल पहले तिलहर और जलालाबाद में 132 केवी क्षमता वाले नए सब स्टेशन बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था। दोनों प्रस्तावों को पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद तिलहर में भक्सी नाला के पास विभाग की ट्रांसमिशन विंग ने कार्यदायी संस्था एनकेजी के माध्यम से 132 केवी स्टेशन का निर्माण कार्य कराया है। प्रोजेक्ट मैनेजर ने मार्च तक पावर स्टेशन की चहारदीवारी के साथ भवन निर्मित करा दिया।
जलालाबाद का इलाका तिलहर से होगा रोशन
नया पावर स्टेशन चालू होने पर सिर्फ तिलहर तहसील ही नहीं बल्कि जलालाबाद क्षेत्र भी रोशन होगा। एसई अग्रवाल के अनुसार जब तक जलालाबाद में 132 केवी पावर स्टेशन बनकर तैयार नहीं होेता, वहां तिलहर के नए पावर स्टेशन से बिजली पहुंचाई जाएगी। यही नहीं, मीरानपुर कटरा, जैतीपुर, मदनापुर, खुदागंज भी इसी पावर स्टेशन से रोशन होंगे। वहां से सात फीडर चलाने का निर्णय किया गया है।
सदर और पुवायां में सुधरेगी बिजली सप्लाई
विद्युत वितरण खंड प्रथम से अभी तक तिलहर, जलालाबाद समेत सदर और पुवायां तहसील को भी बिजली आपूर्ति की जाती है। एक्सईएन ग्रामीण अशोक सुंदरम के अनुसार नए पावर स्टेशन से ईडीडी फर्स्ट के नेटवर्क का बिजली लोड कम हो जाएगा। इसका सीधा प्रभाव सदर और पुवायां तहसीलों पर बिजली सप्लाई में सुधार के रूप में दिखेगा।
कार्यदायी संस्था एनकेजी की सुस्ती से तिलहर में पावर स्टेशन और 132 केवी लाइन के निर्माण में देरी हुई। विद्युत सुरक्षा निदेशालय से अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी होने के बाद अब नई लाइन की टेस्टिंग कराई जा रही है। 132 केवी लाइन से जुड़े ट्रांसफार्मर उच्चीकृत किए जाएंगे। इस दौरान सिस्टम सही काम करते पाए जाने पर नए सब स्टेशन से एक-दो दिन में सप्लाई शुरू होने की उम्मीद है। - सुनील कुमार, एक्सईएन ट्रांसमिशन, पावर कारपोरेशन