इस जाड़े में यह पहला मौका है जब दिन का तापमान इतना गिरा। इससे पहले गत 19 जनवरी को दिन का तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। बुधवार को सुबह से मौसम साफ रहने और सूर्योदय के साथ धूप खिलने से दिन में लोगों को शीतलहर के बावजूद धूप की गर्माहट का अहसास भी हुआ, लेकिन बृहस्पतिवार को सुबह से आसमान पर छाई कोहरे और बादलों की परत दोपहर बाद तक बरकरार रही। उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद के मौसम वेधशाला में बृहस्पतिवार को विज्ञानी मौसमी मिजाज का हाल जानने में जुटे रहे। वेधशाला प्रभारी विज्ञानी डॉ. मनमोहन सिंह और मौसम विश्लेषक विज्ञानी सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि शुक्रवार को कोहरे से कुछ राहत भले ही मिल जाए लेकिन अगले 24 घंटे में अभी गलन और बढ़ने के ही आसार हैं। वजह यह कि तेज गति से पछुवा हवाओं की आमद क्षेत्र में लगातार बनी हुई है।
स्कूलों में 23 तक अवकाश
शाहजहांपुर। शीतलहर और अत्यधिक ठंड को ध्यान में रखते हुए डीएम के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में शीत अवकाश दो दिन बढ़ा दिया है। सभी विद्यालयों में 23 जनवरी तक का अवकाश घोषित कर दिया गया है।