जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए बुधवार को जिला चिकित्सालय अधिकारी-कर्मचारी संघर्ष समिति ने डीएम को ज्ञापन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर समिति ने 11 अगस्त से आंदोलन करने की बात कही है। कहा कि 11 और 12 सितंबर को सुबह दो घंटे का कार्य बहिष्कार, 14 और 15 सिंतबर को संपूर्ण कार्य बहिष्कार और 16 सिंतबर से अनिश्चितकालीन बहिष्कार शुरू होगा जिसमें इमरजेंसी सेवाएं और पोस्टमार्टम कार्य भी शामिल होंगे।
मोहल्ला महमंद जंगला में सोमवार देर शाम गोली से जख्मी प्रापर्टी डीलर अजीम को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे लोगों ने उपचार शुरू करने में लेट लतीफी का आरोप लगाते हुए डॉ. मेराज आलम की पिटाई कर दी थी और नाराज भीड़ ने ट्रामा सेंटर में जमकर तोड़फोड़ की थी। उसके बाद समिति के लोग काम बंद करके धरने पर बैठ गए थे। तब वहां पहुंचे एडीएम प्रशासन और सीओ सदर ने समिति के आश्वस्त किया था कि दो दिनों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी एवं अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था। बुधवार को ज्ञापन सौंपने वालों में अजय नागर, जेडी बंसल, परवेज आलम, ओपी गुप्ता, सुरेश, रामूनायक आदि शामिल थे।