कुछ दिन पहले युवती के परिवार वालों ने दर्ज कराई थी अपहरण की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। जरियनपुर गांव निवासी 22 वर्षीय सोनू की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार रात उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। कुछ दिन पूर्व एक युवती के परिजनों की ओर से उसके खिलाफ युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से वह तनाव में था।
रविवार रात सोनू की मौत की सूचना पर सीओ जलालाबाद ज्योति यादव और थाना प्रभारी सोनी शुक्ला फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। परिजनों ने बताया कि सोनू का दूसरे समुदाय की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पूर्व युवती को लेकर सोनू चला गया था। उसके घरवालों ने सोनू के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। इससे वह तनाव में था।
इसी को लेकर उसका रात घरवालों से विवाद भी हुआ था। इसके बाद सोनू ने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। कोई आहट न होने पर परिजनों को उसकी चिंता हुई। अंदर झांका तो उसका शव फंदे से लटका हुआ था। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।