शाहजहांपुर। ब्याज पर दी गई रकम मांगने पर हुए विवाद में पिता के खिलाफ ही बेटे ने थाने में गवाही दे दी। ब्याज न देने पर जान से मारने की धमकी व बेटे के निर्णय से आहत हुए बुजुर्ग ने फंदे से लटककर जान दे दी।
चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बजीरगंज निवासी जिगर ने बताया कि उसके पिता विनोद (55 वर्ष) मजदूरी करते थे। पिता ने मोहल्ले के ही रहने वाले रवि वाल्मीकि से 25 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। इसके एवज में 20 प्रतिशत ब्याज देते थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे रवि अपने साथी अंशुल के साथ घर पर रुपये मांगने आया। इसी बीच पिता और रवि में विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद पिता ने रवि के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
जिगर ने राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाकर रवि का इलाज कराया। बाद में वे लोग चौक कोतवाली पहुंच गए। वहां पर जिगर ने अपने पिता के विरोध में ही रवि के पक्ष में गवाही दे दी। जिगर ने बताया कि इसके बाद वह घर गया तो पिता के मकान का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा नहीं खुला तो उसने पुलिस बुला ली। पुलिस की मौजूदगी में जब दरवाजा तोड़ा गया तो कमरे में विनोद का शव लटका हुआ मिला। चौक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि रवि और अंशुल के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रवि का इलाज पुलिस हिरासत में चल रहा है। दूसरे की तलाश की जा रही है।