खुटार। गांव लक्ष्मीपुर में 30 जनवरी की रात रंजिश को लेकर नामकरण संस्कार में दो पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर और लाठी डंडे चले। आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
लक्ष्मीपुर निवासी वरुण कश्यप ने बताया कि 30 जनवरी को उनके भाई के पुत्र का नामकरण संस्कार था। घर के बाहर दवात चल रही थी। रात करीब साढ़े आठ बजे नन्हें, देवी सिंह, रोहित, राजेश आदि रंजिश को लेकर मौके पर आए और गालीगलौज करने लगे। मना करने पर पथराव कर दिया। पथराव में परिवार के चार लोग और मेहमान घायल हो गए। आरोपियों ने मेहमानों की बाइकें, घर की टिन शेड, सौर ऊर्जा पैनल और पंडाल में तोड़फोड़ कर दी।
उधर दूसरे पक्ष से रामेंद्र की पत्नी ममता देवी ने बताया कि 30 जनवरी की रात को घर से कुछ दूर पर दावत चल रही थी। पुरानी रंजिश को लेकर गांव के मुरारी, वरुण, जितेंद्र, धर्मेंद्र ने उनसे गालीगलौज करते पीटकर घायल कर दिया। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार को दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।