फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: तंज कसने पर बढ़ा विवाद... ममेरे भाई ने गोली मारकर युवक की ली जान

विज्ञापन
श्याम सुंदर का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के बरीखास गांव में ननिहाल में रह रहे 25 वर्षीय श्यामसुंदर की मंगलवार रात उसके रिश्ते के ममेरे भाई अजयभान ने तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। पत्नी शिखा देवी ने अजयभान, उसके पिता धनवीर व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी के पिता धनवीर को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों के अनुसार, आरोपी खानदान की संपत्ति को लेकर रंजिश मानता था। बुधवार को उसने चारा काट रहे श्यामसुंदर पर संपत्ति को लेकर तंज कसा था। इसके बाद विवाद बढ़ता चला गया।
विज्ञापन

शिखा देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि मंगलवार की रात करीब 11 बजे उन्हें दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनाई दी। पति को उठाया और जाकर दरवाजा खोला। देखा कि अजयभान सिंह अपने पिता धनवीर सिंह व एक अज्ञात व्यक्ति के साथ तमंचा लिए खड़ा था। तीनों ने गालियां देना शुरू कर दीं। तमंचे दिखाकर धमकाया।

विरोध करने पर तीनों ने पति को पकड़कर पीटा और उन्हें घसीटा। उन लोगाें ने कहा कि जो खानदान की संपत्ति उन लोगों को मिलने वाली थी, वह उसने ले ली। शोर-शराबा सुनकर देवर ब्रजमोहन सिंह व ससुर मनोज सिंह भी उठकर आ गए। तीनों पति को घसीटते हुए अपने घर के दरवाजे के पास ले गए।
विज्ञापन


आरोप है कि अजयभान ने तमंचे से पति के सिर पर गोली मार दी। इसके बाद सभी मौके से भाग गए। परिजन बाइक से श्यामसुंदर को लेकर थाने पहुंचे जहां से पुलिस ने अस्पताल ले जाने के लिए कहा। राजकीय मेडिकल कॉलेज में श्यामसुंदर को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, दोपहर में चारा काट रहे श्यामसुंदर पर अजय ने टिप्पणी की थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे मामूली बात पर हुआ विवाद सामने आ रहा है। तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी धनवीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

आरोपी ने कसा तंज : इतनी संपत्ति होती तो थार से घूमता...जवाब मिलने पर ले ली जान
शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के बरीखास गांव में मंगलवार की रात मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ा कि श्यामसुंदर उर्फ शानू की हत्या तक पहुंच गया। खेत पर चारा काट रहे श्यामसुंदर से हत्यारोपी अजयभान ने कहा कि इतनी संपत्ति होती तो वह थार में घूमता। इस पर श्यामसुंदर ने जवाब दिया कि थार से घूमने की बात तो जाने दो, वह (अजयभान) तो शराब पीकर सब नष्ट कर देता। यह जवाब अजयभान को इतना बुरा लगा कि रात में उसने तमंचे से सिर पर गोली मारकर श्यामसुंदर की जान ले ली।

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे अपने खेत पर जानवरों के लिए बरसीम काट रहे श्यामसुंदर और अजयभान के बीच बहस हुई थी। उस समय अजयभान शराब के नशे में था। उसके तंज करने पर श्यामसुंदर ने जवाब तो दे दिया लेकिन उसे नहीं मालूम था कि बात उसे इतनी बुरी लग जाएगी।
इतनी सी बात पर अजयभान बौखला गया और श्यामसुंदर को खूब गालियां दीं। उसे जान से मारने की धमकी दी। फिर शाम को उसके दरवाजे पर पहुंचकर गालीगलौज किया। धमकी से भयभीत श्यामसुंदर ने अपने परिवार के लोगों को बुलाया। विवाद को खत्म करने के लिए अजयभान से बात करने के लिए कहा।
परिजनों के मुताबिक, रात में अजयभान ने श्यामसुंदर को खींचकर गोली मार दी। शानू के भाई बृजमोहन सिंह ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। उस पर नुकीली वस्तु से प्रहार किया गया। बृजमोहन सिंह ने बताया कि इससे पहले कभी कोई विवाद नहीं हुआ। जरा-सी बात पर परिवारिक संबंध खराब न हों इसलिए समझौते का भी प्रयास किया था। उन लोगों ने उसे भी मारने का प्रयास किया था। बताया यह भी जा रहा है कि रात को पहले दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई, फिर मारपीट हुई और गोली चली।



सातों बेटियों को दी पांच-पांच बीघा, बाकी जमीन कर दी नाती के नाम



परिजनों ने बताया कि विश्राम सिंह की सात बेटियां हैं। कोई बेटा न होने पर विश्राम सिंह ने बचपन में ही नाती श्यामसुंदर को गोद ले लिया था। सातों बेटियों की शादी कर उन्होंने सभी के नाम पांच-पांच बीघा जमीन कर दी। बाकी बची करीब 20 बीघा जमीन नाती के नाम कर दी। कोरोनाकाल में पत्नी मुन्नी की मौत के बाद विश्राम सिंह टूट गए। तब उनके नाती ने ही उन्हें हिम्मत दी। परिजनों ने बताया कि श्यामसुंदर का घर मदनापुर थाना क्षेत्र के ही करनपुर पड़री गांव में है। तीन-चार किलोमीटर की दूरी होने पर वह घर पर भी आते-जाते रहते थे।


ममेरे भाइयों में थी अच्छी दोस्ती, बन गए दुश्मन

मृतक की पत्नी शिखा ने पुलिस को बताया कि दोनों ममेरे भाइयों में अच्छी दोस्ती थी। जरा-सी बात पर हुए विवाद के बाद वह पति का दुश्मन बन गया और उसका सुहाग छीन लिया। परिजनों ने बताया कि मृतक की तीन वर्षीय बेटी कृतिका व दो वर्षीय बेटे कृष्णा की जिम्मेदारी अब मां के कंधों पर आ गई है। शव को देख ब्रजमोहन व बहन शालिनी का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है।




साहब आरोपी बचना नहीं चाहिए...



एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने सीओ सदर प्रयांक जैन के साथ बुधवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। परिवार के लोगों से बातचीत की। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने का आश्वासन दिया। महिलाएं बोलीं- साहब आरोपी बचना नहीं चाहिए। जरा-सी बात पर हमारा परिवार उजाड़ दिया। देर शाम हुए अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।


पकड़ा गया मुख्य आरोपी, तमंचे के बारे में की जा रही पूछताछ


शाहजहांपुर। मदनापुर के बरीखास गांव निवासी श्याम सुंदर की हत्या के मामले में पुलिस ने धनवीर को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी अजयभान मौके से भाग गया था। पुलिस की तीन टीमें आरोपी की तलाश कर रहीं थीं। बुधवार शाम करीब सवा छह बजे पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चंदोखा तिराहा पर घेराबंदी की। आरोपी अजयभान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हत्या में प्रयुक्त किए गए तमंचे के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी संपत्ति की रंजिश मानता था। संवाद

पोस्टमॉर्टम कराकर लौट रहे सिपाही-होमगार्ड हादसे में घायल



तिलहर। मदनापुर थाना क्षेत्र के बरीखास में मंगलवार रात श्यामसुंदर की हत्या के बाद बुधवार शाम उनका पोस्टमॉर्टम कराकर लौट रहे बाइक सवार सिपाही रामाशीष व होमगार्ड शैलेश कछियानी खेड़ा स्थित हनुमान मंदिर के पास किसी वाहन की टक्कर लगने से घायल हो गए।



प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को सीएचसी भिजवाया। घटना की जानकारी मदनापुर थाना प्रभारी विश्वजीत प्रताप सिंह को दी। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। प्रभारी विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों काे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

श्याम सुंदर का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन

श्याम सुंदर का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन

श्याम सुंदर का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन

श्याम सुंदर का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें