शाहजहांपुर। परिषदीय स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर जर्जर भवनों का एक बार फिर सर्वे और पुनर्मूल्यांकन कराया जा रहा। बीएसए ने सभी बीईओ को पत्र जारी कर जर्जर भवनों की स्थिति का दोबारा आकलन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में 2716 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें तीन लाख से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय भवनों की स्थिति की जांच कराई जा रही है। पूर्व में तकनीकी समिति की ओर से जर्जर घोषित किए गए 476 विद्यालय भवनों की नीलामी समिति के माध्यम से कराई जा चुकी है।
ध्वस्त किए गए भवनों में से समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्ययोजना सत्र 2026-27 के तहत आवश्यकता और उपलब्ध भूमि के आधार पर 241 प्राथमिक विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके अलावा 27 उच्च प्राथमिक विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव भी राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ को भेजा गया है। बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि जर्जर विद्यालय भवनों का फिर से मूल्यांकन कराया जा रहा है। बीईओ से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद