शाहजहांपुर। पाइपलाइन डालने के लिए लाल इमली चौराहा से रोडवेज क्रॉसिंग वाली सड़क को खोदकर डाल दिया गया है। इस सड़क पर दिन-रात वाहनों का आवागमन रहता है। खोदाई के कारण सड़क पर जाम लगता है।
जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने का काम तीव्र गति से हो रहा है। इससे शहरवासियों को पेयजल आपूर्ति सुचारू हो सके। इसके लिए पहल ओवरहेड टैंक निर्माण किया था। अब ओवरहेड टैंक से जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन डालने का काम हो रहा है। सड़क को खोदकर पाइपलाइन डालने के बाद मरम्मत का काम कराया जाना भी जरूरी होता है। इसके निर्देश भी जल निगम द्वारा ठेकेदारों को दिए गए हैं, लेकिन उन पर अमल नहीं होता।
सड़क को खोदकर पाइपलाइन डालने के बाद मरम्मत नहीं कराई जाती, जिससे सड़क पर चलना ही नहीं आसपास रहने और कारोबार करने वालो को भी मुसीबत उठानी पड़ती है। शहर में लाल इमली चौराहा से रोडवेज रेलवे क्रॉसिंग वाली रोड को भी पाइपलाइन के लिए खोदकर छोड़ दिया गया। पाइपलाइन पड़ने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं की गई।
खोदाई में लीक हुई पुरानी पाइप लाइन
नई पाइपलाइन डालने के लिए सड़क को जेसीबी से खोदा गया था। इस दौरान सड़क के नीचे पड़ी पुरानी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और पानी सड़क पर बहने लगा। बृहस्पतिवार को एक स्थान पर कर्मचारी पाइपलाइन के लीकेज को ठीक करते नजर आए। दूसरी जगह पानी सड़क पर भरा मिला।
बहुत नुकसान हो रहा
करीब 15 दिनों ने सड़क खोदी हुई पड़ी है। इसकी वजह से सभी लोग परेशान होते हैं। मेरी चाय की दुकान सड़क के किनारे ही है। सड़क की धूल उड़ने से लोग चाय पीने भी नहीं पीते। बहुत नुकसान हो रहा है। जल्दी सड़क की मरम्मत कराई जानी चाहिए। - पंकज कुमार
श्रद्धालुओं को दिक्कत
संकट मोचन मंदिर गेट के सामने भी सड़क खोदी गई है। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कत होती है। कई बार महिलाएं लड़खड़ा भी जारी हैं। इसके साथ ही मेरी दुकान के अंदर धूल आती रहती है। करीब दो हफ्ते से यही समस्या बनी हुई है। - मुवस्सिर
दूसरा नुकसान न हो
बड़ौदा ग्रामीण बैंक से लेकर रोडवेज के पास वाली रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क खोदी गई है। बैंक के पास ही पुरानी पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई है। इसको नगर निगम से कर्मचारी ठीक करने आए थे। सड़क खोदने के दौरान ध्यान दिया जाए कि नुकसान न हो। - विनोद कुमार
जल्द ठीक कराएं सड़क
रोडवेज के पास वाली रेलवे क्रॉसिंग का गेट भी ज्यादातर बंद रहता है। ऊपर से सड़क भी खोदी हुई है। इसकी वजह से वाहन चालकों और राहगीरों की तकलीफ बढ़ है। दिनभर जाम भी लगता रहता है। सड़क को जल्द ठीक करवाया जाए तो राहत मिले। - तनवीर
जलापूर्ति की पाइपलाइन डालने का काम करवाया जा रहा है। इसके लिए सड़क खोदी जाती है। ठेकेदार को निर्देश हैं कि काम खत्म होने के बाद तुरंत सड़क ठीक कराएं। सभी सड़कें ठीक करवा दी जाएंगी। - सुनील कुमार यादव, एक्सईएन, जल निगम
शाहजहांपुर में खोदी पड़ी लाल इमली से रोडवेज क्रॉसिंग वाली सड़क- फोटो : SHAHJAHANPUR