खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान में प्रदर्शन करते सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन के
- फोटो : संवाद
शाहजहांपुर। खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान में सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन के पदाधिकारी धरने पर बैठे। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अपूर्वा को सौंपा।
ज्ञापन में फाइनेंशियल बिल 2025 में पेंशनरी नियमों के बदलाव, अन्य तरीकों से देश के करोड़ों कर्मचारियों, शिक्षकों एवं पेंशनरों के हितों पर हो रहे कुठाराघात के निवारण एवं सरकार की घोषणा के बावजूद आठवें वेतन आयोग का गठन अभी तक न किए जाने का विरोध किया।
ज्ञापन के जरिये अध्यक्ष अजय सिंह वर्मा ने बताया कि फाइनेंशियल बिल 2025 के वैलिडेशन क्लॉज से पेंशनरों को प्रोटेक्शन दिया जाए। केंद्रीय आठवें वेतन आयोग के गठन की कार्यवाही पूर्ण कर उसके नियमों में पेंशन के पुनरीक्षण का विषय भी संदर्भित किया जाए।
पेंशनरों की पेंशन राहत का शासनादेश जारी किया जाए। महंगाई राहत को महंगाई भत्ते से डी-लिंक न किया जाए। एनपीएस और यूपीएस की व्यवस्था के स्थान पर कर्मचारियाें व शिक्षकों को पुरानी पेंशन का ही लाभ दिया जाए।
कोरोना काल में कर्मचारियों, शिक्षकों एवं पेंशनरों के रोके गए 10 महीने के डीए के एरियर का भुगतान तत्काल किया जाए। प्राथमिक विद्यालयों का विलय न किया जाए।
ज्ञापन देने वालों में जिलामंत्री संत कुमार विश्वकर्मा, जागेश पाली, एमएमए खान, रामलड़ैते यादव, बनवारी लाल सहित कई पेंशनर मौजूद रहे।