कुर्रिया कलां में कथा के दौरान उपस्थित श्रद्धालु। संवाद
कुर्रियाकलां। गांव के माता फूलमती मंदिर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन रविवार को कथा व्यास गणेश्वर प्रसाद ने सुदामा चरित्र का प्रसंग सुनाया। भगवान श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता का वर्णन सुनकर कई श्रद्धालु भावुक हो उठे।
उन्होंने कहा कि सुदामा अपनी पत्नी के आग्रह पर आर्थिक तंगी के कारण भगवान श्रीकृष्ण से मिलने द्वारका जाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण सुदामा की दीन दशा देखकर उन्हें अपने गले से लगा लेते हैं। प्रेम के वशीभूत होकर भगवान श्रीकृष्ण की आंखों से आंसू झरने लगते हैं। सुदामा अपने बाल सखा भगवान श्रीकृष्ण के लिए तीन मुट्ठी चावल लेकर जाते हैं।
श्रीकृष्ण अपने मित्र सुदामा से एक मुट्ठी चावल मांग कर खाते हैं और इसके बदले उन्हें बिन मांगे ऐश्वर्य और वैभव प्रदान कर देते हैं। कथा के अंत में परीक्षित बने यजमान गुरबख्श सिंह उर्फ साधु ने भगवान की आरती उतारकर प्रसाद वितरण किया। कथा श्रवण में तमाम श्रद्धालु शामिल रहे।
-
आज से सजेगा महारासलीला का मंच
तिलहर। नगर पालिका के मैदान पर सोमवार से सात दिवसीय महारासलीला महोत्सव का शुभारंभ होगा। सात जून तक प्रतिदिन रात आठ बजे से 11 बजे तक चलने वाले रासलीला मंचन में श्रद्धालुओं को वृंदावन की भक्ति और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन समिति से जुड़े पोटरगंज निवासी सुमित गुप्ता ने बताया कि वृंदावन धाम से आ रहे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रास आचार्य स्वामी लेखराज और ओम प्रकाश शर्मा की रास मंडली के कलाकार भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को मंचन से जीवंत करेंगे। उन्होंने बताया कि पालिका के मैदान पर भव्य मंच, प्रकाश और श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। संवाद
रामायण का अखंड पाठ आज से
तिलहर। मोहल्ला दातागंज के शिव मंदिर में सोमवार को सुबह से रामायण का अखंड पाठ आरंभ होगा। आयोजक सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि मंगलवार की शाम पाठ पूर्ण होने पर भगवान की आरती के पश्चात भंडारा होगा। संवाद