थाना आरसी मिशन क्षेत्र में हरदोई बाईपास के पास एक ढाबे से बुधवार दोपहर पुलिस ने बरेली जिले के दो युवकों को दो लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया है। कथित रूप से दोनों युवक इस पैसे से पांच लाख के नकली नोट खरीदने निकले थे। युवकों के पास से नीली बत्ती लगी लग्जरी कार भी बरामद हुई है, जिसकी प्लेट पर उप सचिव सचिवालय प्रशासन विभाग लिखा हुआ है।
थाना आरसी मिशन के इंस्पेक्टर एनडी पाठक ने बताया कि बुधवार दोपहर उनके पास एक फोन आया कि हरदोई बाईपास स्थित एक ढाबे पर नकली नोटों की डीलिंग होने वाली है। इस पर पुलिस ने ढाबे की घेराबंदी कर ढाबे के पास से एक लग्जरी कार में सवार दो युवकों को पकड़ा। कार पर नीली बत्ती और उप सचिव, सचिवालय विभाग की प्लेट लगी हुई थी। कार में पुलिस टीम को दो लाख रुपये मिले, जो असली थे। पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने अपना नाम अभिजीत सिंह निवासी रामपुर गार्डन, बरेली और अतुल निवासी आंवला बताया है। उन्होंने बताया कि उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया था, जिसके मुताबिक दो लाख रुपये के असली नोट देने पर पांच लाख रुपये नकली मिल जाएंगे। दोपहर तीन बजे उनकी डील होनी थी।
युवकों के मुताबिक तय समय पर दोनों पार्टियां ढाबे के पास पहुंच गई। नकली नोट देने वाली पार्टी ने पांच लाख रुपये दिए। अतुल और अभिजीत जब असली दो लाख रुपये देने को हुए, नकली नोट देने आई पार्टी ने रुपये गिनकर लेने की बात कही। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बताया जाता है कि नकली नोट देने आई पार्टी के किसी सदस्य ने इसी दौरान पुलिस को सूचना दे दी और पुलिस के पहुंचने से पहले ही पार्टी अपने नकली रुपये लेकर चली गई। पुलिस अब दोनों आरोपियों से नकली नोटों के खेल की सच्चाई जानने के लिए पूछताछ कर रही है।