बाला जी सेवा समिति की ओर से मंगलवार रात बाला जी के जागरण में सरगम ग्रुप मुंबई के कलाकारों ने पूरी रात भक्तों को भक्ति की गंगा में डुबकी लगवाई। जागरण सुनने के लिए उमड़ी भारी भीड़ के चलते मैदान छोटा पड़ गया। आयोजकों को व्यवस्था बनाए रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पीडब्लूडी मैदान में हवन पूजन के बाद कलाकार अमन सांवरिया ने गणेश जी की वंदना से जागरण का शुभारंभ किया। रामकुमार लक्खा, बेबी मोना आदि कलाकारों ने रामभक्त हनुमान बाला जी मेरे घर आना, राम ना चले हनुमान के बिना, गरीबी ले आई, एक जरा सी बात की खातिर सीना चीर दिखा डाला, जय हो पवन कुमार मैं बारी जाऊं आदि भजन सुनाकर श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया।
दिल्ली के सागर ग्रुप के कलाकारों ने शंकर-पार्वती, भगवान गणेश, हनुमान जी आदि की झांकी प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। जागरण में समिति के पदाधिकारी व्यवस्थाएं संभालने में जुटे रहे। सुबह बाला जी की आरती कर प्रसाद का वितरण किया गया। बुधवार सुबह से शाम तक भंडारे का आयोजन हुआ। आयोजन में बाला जी सेवा समिति के सभी पदाधिकारियों सहित नगर के तमाम लोगों का योगदान रहा।