बर्तन की दुकान में तोड़फोड़, पांच को किया लहूलुहान
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां।
धनतेरस पर बर्तनों की ब्रिकी कर रहे दुकानदार पर रात आठ बजे कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही दुकान स्वामी व उसके परिवार चार अन्य लोगों को लहूलुहान कर दिया। दुकान स्वामी ने नकदी व बर्तन लूटने का भी आरोप लगाया है।
क्षेत्र के गांव धारा निवासी नन्हे गुप्ता की गंगसरा गांव में बर्तन की दुकान है। मंगलवार धनतेरस के दिन वह दुकान सजाकर अपने परिवार के रिंकू, महेश, पप्पू, अमित के साथ बर्तनों की बिक्री कर रहे थे। रात लगभग आठ बजे गंगसरा के दो युवक बर्तन खरीदने पहुंचे। इसी बीच दुकानदार का युवकों से विवाद हो गया। दुकान पर ज्यादा लोग थे, इसलिए दोनों युवक चले गए। कुछ देर बाद अपने छह अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडा लेकर आए और दुकानदार पर हमला बोल दिया। दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही दुकान स्वामी नन्हे व दुकान पर बैठे उनके परिवार के सभी लोगों को लहूलुहान कर दिया। इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर यूपी 100 की गाड़ी पहुंच गई और हल्का इंचार्ज बालकिशन भी पहुंच गए लेकिन तब तक हमलावर भाग गए। दुकान स्वामी ने आरोप लगाया कि हमलावर उसकी दुकान से दिन भर की बिक्री के लगभग 60 हजार रुपये और बर्तन भी ले गए। वहीं इंस्पेक्टर अशोक सोलंकी ने बताया कि मामला मारपीट का है। लूट का आरोप निराधार है।