कलक्ट्रेट परिसर में एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार को ज्ञापन सौंपते विहिप बजरंग दल के कार्यकर्ता। स्
शाहजहांपुर। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया। इसमें जबरन धर्मांतरण और अवैध कब्जों को रोकने की मांग की गई। साथ ही समाज विरोधी हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई।
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि यह मानसिकता राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव के लिए एक बड़ा खतरा बन गई है। ज्ञापन में समाज विरोधी गतिविधियों की ओर ध्यान आकर्षित किया गया। नासिक की टीसीएस जैसी प्रतिष्ठित संस्था में सामने आए प्रकरणों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि इसका जाल अब सुशिक्षित समाज और व्यावसायिक क्षेत्रों तक फैल चुका है।
वन भूमि, सार्वजनिक भूमि, रेलवे और सेना की सुरक्षित भूमि पर सुनियोजित तरीके से कब्जे किए जा रहे हैं। साथ ही हिंदू बालिकाओं को षड्यंत्र के तहत फंसाने का आरोप लगाया। बजरंग दल ने राष्ट्र विरोधी और आपराधिक मानसिकता वाले तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध त्वरित एवं कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रांत मंत्री अनुज सिंह, प्रांत उपाध्यक्ष राजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिनव ओमर, विभाग मंत्री अशनील सिंह, प्रांत सहसंयोजक राहुल सिंह और प्रांत विद्यार्थी प्रमुख अंकित मिश्रा, प्रांत प्रशिक्षण प्रमुख सुधीर, प्रांत मंत्री गौरक्षा विभाग, विपिन मिश्रा आदि मौजूद रहे।