पुवायां। नगर के चरक हॉस्पिटल में ऑपरेशन से प्रसव के बाद गांव ककरहा की जूली की हालत बिगड़ने और बरेली ले जाते समय मौत के मामले में जूली के ससुर जोगराज ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर जांच क्राइम ब्रांच से कराने की मांग की है।
जूली ने चरक हॉस्पिटल में आठ सितंबर को बच्चे काे जन्म दिया था। ऑपरेशन के दूसरे दिन जूली की हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। इस मामले में जूली के ससुर जोगराज की ओर से अस्पताल संचालक डॉ. फिरोज और ऑपरेशन करने वाले डॉ. केपी गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
जोगराज ने एसपी को भेजे पत्र में लिखा है कि जिस डॉक्टर के जूली को एनस्थीसिया देने का जिक्र है, वह अस्पताल नहीं आए थे। डॉक्टर की मोबाइल लोकेशन की जांच कराने से सच सामने आ सकता है। जोगराज के अनुसार उनकी पुत्रवधू की मौत एनस्थीसिया की ओवरडोज से हुई है। आरोपियों के प्रभावशाली होने के कारण जांच में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस लापरवाही बरत रही है। ऐसे में विवेचना क्राइम ब्रांच से कराई जानी चाहिए, जिससे उनको न्याय मिल सके। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले में जांच चल रही है। संवाद