पुवायां (शाहजहांपुर)। रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने पीलीभीत से आई बहन के सामने पप्पू (55) की पीटकर हत्या के मामले में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे परिजनों ने अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
गांव निवासी मुनेंद्र और कमल के बीच शुक्रवार रात किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। विवाद बढ़ने पर पप्पू बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि मुनेंद्र की पत्नी रीना देवी, पुत्री सेबना, पुत्र शिवांश, पीलीभीत के पूरनपुर निवासी सोनू, रोशनी और कुमरी देवी समेत अन्य ने पप्पू पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पिटाई से पप्पू बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पप्पू के पुत्र सरजू की तहरीर पर पुलिस ने मुनेंद्र, कमल, रीना, सेबना, सोनू, रोशनी और कुमरी देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। परिजनों के अंतिम संस्कार से इन्कार के बाद सीओ प्रवीण मलिक और थाना प्रभारी आरके रावत मौके पर पहुंचे।
उन्होंने परिजनों से वार्ता कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामले में नामजद सात आरोपियों में से चार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शनिवार रात तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया गया था। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिन में हुई हाथापाई का वीडियो वायरल
शुक्रवार शाम के विवाद से पहले दोपहर में भी मुनेंद्र और करन के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई थी। ग्रामीणों द्वारा बनाए गए इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करती। इसके बाद शाम को दोनों पक्षों में दोबारा विवाद हुआ, जिसमें बीच-बचाव करने पहुंचे पप्पू की जान चली गई।
मृतक पप्पू का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन