फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: अल्हागंज-अमृतपुर मार्ग के महोलिया घाट पर पक्के पुल की मांग तेज

विज्ञापन
अल्हागंज में रामगंगा नदी। संवाद
विज्ञापन
अल्हागंज। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे के जर्जर हो चुके रामगंगा पुल पर आए दिन जाम लगने से लोग बेहद परेशान हैं। उन लोगों को ज्यादा दिक्कत हो रही है, जो नौकरी या कारोबार के सिलसिले में रोजाना फर्रुखाबाद आते-जाते हैं। ऐसे में यहां से फर्रुखाबाद के कस्बा अमृतपुर जाने वाले मार्ग पर रामगंगा नदी के महोलिया घाट पर पक्का पुल की बनाए जाने की मांग तेज हो गई है।
विज्ञापन

फर्रुखाबाद हाईवे पर रामगंगा और गंगा नदी का पुल करीब पांच दशक पुराना होने के कारण अब जर्जर हालत में पहुंच गए हैं। करीब तीन साल पहले हाईवे को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिलने पर उसका चौड़ीकरण कराया गया। बीते दो दशक में हाईवे पर यातायात भी दोगुना हो चुका है, लेकिन दोनों पुल पुराने होने के कारण संकरे हैं।
यातायात के भारी दबाव से रामगंगा पर बना सिंगल लेन का पुल अब जर्जर हो चुका है। हर साल मरम्मत कराने पर भी पुल और उसके आसपास दरारें पड़ जाती हैं। ऐसी दशा में पुल पर एकल यातायात व्यवस्था लागू करने पर जाम लग जाता है। इससे हाईवे पर सफर करने वाले सभी तबके के लोग बेहद परेशान हैं। इसीलिए महोलिया घाट पर स्थायी पुल का मुद्दा सोशल मीडिया पर भी तेजी से उठ रहा है और क्षेत्रीय लोग इसका समर्थन भी कर रहे हैं।
विज्ञापन

नगर के व्यापारी अंशु गुप्ता का कहना है कि महोलिया घाट पर पक्का पुल बनने से रामगंगा के पार बसे गांवों के लोगों, खासकर किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए स्थानीय मंडी आने में 10 किमी दूरी कम तय करनी पड़ेगी। कपड़ा व्यापारी सचिन गुप्ता ने बताया कि महोलिया घाट पर स्थायी पुल बनने से नदी के पार बसे 20-25 गांव सीधे स्थानीय बाजार से जुड़ जाएंगे। इससे कारोबार परवान चढ़ेगा और गांव भी विकसित होंगे। स्थानीय निवासी केशव चंद्र तिवारी का कहना है कि महोलिया घाट पर पुल बनने से हाईवे के रामगंगा पुल पर जाम से छुटकारा मिलेगा और यहां से फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर समेत शमशाबाद कस्बे की दूरी भी कम हो जाएगी।

क्षेत्र में जहां भी विकास की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर जरूरी काम कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। फर्रुखाबाद हाईवे के जर्जर हो चुके रामगंगा पुल की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन और सेतु निगम के अधिकारियों से बात चल रही है। महोलिया घाट पर पक्के पुल के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव जल्द भेजूंगा।
विज्ञापन

-हरिप्रकाश वर्मा, विधायक,जलालाबाद क्षेत्र
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें