प्रसव केंद्र के कमरे में भरा मिला पीएचसी का कबाड़
खुदागंज ब्लॉक के ग्राम सिउरा की अतिरिक्त पीएचसी में सीडीओ को भवन जर्जर हालत में मिला। ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज इस डिलीवरी प्वाइंट के एक बंद कमरे का ताला खुलवाया तो बेबी वार्मर पैक रखा मिला। वह खोला तक नहीं गया था। महिला वार्ड में जहां मरीज भर्ती होने चाहिए, वहां पीएचसी का कबाड़ भरा था। रुई व अन्य चिकित्सा सामग्री पर फफूंदी लगी मिली। प्रसव कक्ष में डिलीवरी से संबंधित उपकरण व सामग्री तक नहीं मिली। फार्मासिस्ट और आयुष डॉक्टर ने चार-पांच मरीजों को दवा दी थी। वह भी चार से पांच निष्प्रयोज्य दवाई थी। यहां एमओआईसी दो महीने से नहीं आए हैं।
प्रसव केंद्र की हालत जर्जर
ऑनलाइन पोर्टल पर प्रसव केंद्र के रूप में दर्ज जैतीपुर की पीएचसी खेड़ारठ में सीडीओ को प्रसव से संबंधित कोई उपकरण नहीं मिला। अंदर गंदगी देखकर प्रतीत हुआ कि यहां वर्षों से प्रसव नहीं हुआ जबकि प्रसव पंजिका में प्रसव होना दिखाया गया। वैक्सीनेशन रजिस्टर में टीकाकरण भी दर्ज था। यहां मिली एएनएम ने बताया गया कि यहां कभी प्रसव नहीं होता है। उनके द्वारा टीकाकरण नहीं किया गया है। गांव की दाई से ही प्रसव कराए जाते हैं।
हालांकि, एमओआईसी डॉ.शजर ने बताया कि दो महीने पहले महिला स्वास्थ्यकर्मी प्रसव करातीं थीं। उनके सेवानिवृत्त होने पर अन्य कर्मी प्रसव कराती हैं। सीडीओ ने गढ़ियारंगीन पीएचसी को देखा तो वहां 14 नवंबर से डॉ.अरुण कुमार अनुपस्थित मिले। सीएचसी कटरा में निरीक्षण के दौरान प्रभारी डॉ.फैजान को सिउरा अतिरिक्त पीएचसी की व्यवस्था ठीक कराने के लिए निर्देशित किया। चेतावनी दी कि दोबारा से निरीक्षण में अव्यवस्था मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल पर प्रसव केंद्र के एक्टिव होने के बारे में जानकारी नहीं है। कहीं कमी मिली है तो संबंधित से जानकारी लेकर ठीक कराया जाएगा। संसाधनों और स्टाफ की भी कमी है। इसके बावजूद किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।