शाहजहांपुर। नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली लखनऊ मेल में महिला यात्री का बैग व पर्स चोरी हो गया। पर्स में नकदी व अन्य जरूरी सामान था। महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नई दिल्ली के पुलिस कॉलोनी मंदिर मार्ग के ब्लॉक सी के फ्लैट नंबर दस में रहने वाले अमन कुमार बंसल दिल्ली पुलिस में एसआई हैं। वह अपनी पत्नी पूनम बंसल के साथ 29 मार्च को नई दिल्ली से लखनऊ जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। तीन बजे शौचालय जाने पर बैग रखा था लेकिन चार बजे जागने पर पूनम का बैग व पर्स गायब था। अमन ने जीआरपी थाने पर तहरीर देकर चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें बताया कि पर्स में दस से 15 हजार रुपये, जरूरी कागज, कपड़े आदि थे। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर जीआरपी रेहान अली ने बताया कि अमन दिल्ली पुलिस में दरोगा हैं। मामले की जांच के लिए बयान दर्ज कर चोरों का सुराग लगाया जाएगा।