शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय का प्रवेश पोर्टल शुरू नहीं होने से संबद्ध महाविद्यालयों ने नए सत्र के लिए ऑफलाइन पंजीकरण शुरू कर दिए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, पोर्टल शुरू होने में अभी करीब तीन दिन और लग सकते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया प्रभावित न हो, इसके लिए कॉलेज स्तर पर अस्थायी व्यवस्था की गई है।
महाविद्यालयों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों से ऑफलाइन पंजीकरण फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। पोर्टल शुरू होने के बाद इन सभी विद्यार्थियों का विवरण ऑनलाइन अपडेट किया जाएगा। इसके बाद प्रवेश प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। विश्वविद्यालय के प्रवेश परीक्षा प्रभारी आदित्य सिंह के अनुसार विश्वविद्यालय के बैंक खाते की मैपिंग का कार्य पूर्ण नहीं हो सका है।
यह कार्य पूर्ण होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया को प्रारंभ कराएंगे। जीएफ कॉलेज के प्राचार्य मोहसिन हसन खां ने बताया कि पोर्टल शुरू होने तक पंजीकरण करा रहे हैं। समर्थ पोर्टल शुरू होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।