कांट। कमलनैनपुर गांव स्थित प्राचीन मंदिर में बुधवार रात चोरी की घटना हो गई। चोरों ने काफी पुरानी भगवान गणेश और हनुमान की मूर्तियां चोरी कर लीं। बृहस्पतिवार सुबह जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
भाजपा सभासद धीरज अवस्थी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया है कि चोरी की घटना की जानकारी बृहस्पतिवार की सुबह तब हुई, जब ग्रामीण पूजा करने के लिए मंदिर गए। पुलिस ने पड़ताल की। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज चेक की गई। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया मंदिर की मूर्तियां चोरी होने की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है।