तिलहर। हाईवे पर मंगलवार को बेकाबू गति से दौड़ रहे डीसीएम ने मोपेड पर सवार दंपती को रौंद दिया। हादसे में डीसीएम से कुचलकर महिला मौत हो गई। जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। दंपती रिश्तेदारी में कनागत की दावत खाने के बाद घर लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक डीसीएम समेत फरार हो गया।
तिलहर कस्बे के मोहल्ला खनपुरा निवासी दूरसंचार विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी बनवारी लाल पत्नी प्रहलाद कुमारी (58) के साथ मंगलवार सुबह अपनी ससुराल शाहजहांपुर के गांव बंशी कनागत की दावत खाने गए थे। बनवारी लाल ने बताया कि वहां से वह दोपहर करीब एक बजे पत्नी समेत मोपेड पर घर लौट रहे थे। हाईवे पर तिलहर इलाके में हनुमान मंदिर के पास सड़क का निर्माण चल रहा है। निर्माण चलने से दोनों ओर के वाहन डिवाइडर से एक तरफ होकर निकाले जा रहे हैं। इधर से गुजरते समय गांव बिलहरी मोड़ पर उनकी बाइक में पीछे से तेज गति में आई डीसीएम ने टक्कर मार दी। इससे बनवारी लाल और उनकी पत्नी सड़क पर जा गिरे। तभी उसी डीसीएम का पहिया प्रहलाद कुमारी के ऊपर से उतर गया, जिससे कुचलकर उनकी मौके पर मौत हो गई। जबकि बनवारीलाल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाल जसवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भिजवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बनवारी लाल हेलमेट लगाए हुए थे, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे की जानकारी पर परिजन भी मौके पर पहुंचे।