शाहजहांपुर। जिले में कोरोना कहर बरपाता जा रहा है। बुधवार को शहर के मोहल्ला रंगमहला निवासी एक अधिवक्ता की कोरोना से मौत हो गई। अधिवक्ता की मौत का समाचार मिलते ही मुख्य मार्ग स्थित आवास के आसपास की दुकानें भी बंद हो गईं। वहीं 75 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब मृतकाें की संख्या 11 और संक्रमितों की संख्या 1346 हो गई है।
शहर के मोहल्ला रंगमहला निवासी 60 वर्षीय अधिवक्ता को चार-पांच दिनों से खांसी और बुखार की शिकायत होने पर जिला अस्पताल में उनकी कोरोना जांच कराई गई थी, जो पॉजिटिव आई। इसके बाद उन्हें तीन अगस्त को मेडिकल कॉलेज के एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती कर लिया गया था। सीएमएस डॉ. एयूपी सिन्हा ने बताया कि अधिवक्ता कई दिनों से बीमार थे। उन्हें खांसी के साथ सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। बुधवार करीब तीन बजकर 20 मिनट पर उनकी मृत्यु हो गई। देर शाम गर्रा मोक्षधाम पर मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान मृतक के परिजन के अलावा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। जिले में अब तक कोरोना से 11 मौतें हो चुकी हैं।
इसके अलावा जिले में बुधवार को कोरोना से मिले संक्रमितों की संख्या 63 रही, जबकि 12 लोग मंगलवार देर रात संक्रमित पाए गए। इस तरह कुल संक्रमितों की संख्या 75 रही। इसमें शहरी क्षेत्र में 23 महिलाएं और 40 पुरुष शामिल हैं। कुल संक्रमितों में 20 वर्ष तक की आयु वाले 13 युवक, 20 से 40 वर्ष आयु वर्ग में 31, 40 से 60 वर्ष आयु वर्ग में 17 और 60 से 80 वर्ष तक के बीच के दो लोग शामिल हैं। नए संक्रमितों में तिलहर में सीएचसी प्रभारी समेत दो अन्य डॉक्टर और मोहल्ला नितगंजा की तीन महिलाएं शामिल हैं। तिलहर में कुल छह लोग पॉजिटिव मिले हैं। इसमें बहदुल्लागंज निवासी एक निजी चिकित्सक का इलाज बरेली के एक अस्पताल में चल रहा है। इसी तरह मिर्जापुर में एक व्यापारी और एक युवक संक्रमित मिला है। कलान में कुल नौ लोग संक्रमित मिले हैं। जैतीपुर के गांव मरेना में दो लोग पॉजिटिव आए हैं।
जनपद में बुधवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या 63 रही जबकि 12 लोगों की जांच रिपोर्ट मंगलवार देर रात पॉजिटिव आई थी। इस तरह जिले में कुल पॉजिटिव लोगों की संख्या 1346 हो गई है।
राकेश कुमार, सहायक नोडल अधिकारी, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर
थाना प्रभारी समेत स्टाफ ने कराई जांच
कांट। कांट अस्पताल में बुधवार को थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह समेत पूरे स्टाफ ने कोरोना जांच कराई। यहां बता दें कि कांट में कई लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं, ऐसे में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी कंटेन्मेंट जोन में लगती रहती है इसलिए थाना प्रभारी ने अपने स्टाफ के साथ एहतियातन जांच कराई है। संवाद