गांव मीरपुर के विमलेश का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
पुवायां। हाईटेंशन लाइन पर काम करने के दौरान बिजली उपकेंद्र से सप्लाई शुरू कर दी गई। इससे करंट लगने से प्राइवेट लाइनमैन जलता हुआ नीचे आ गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गांव मीरपुर निवासी 19 वर्षीय विमल उर्फ विमलेश कुमार संविदा लाइनमैन सतीश कुमार के साथ प्राइवेट रूप से काम करता था। सतीश और विमलेश शटडाउन लेकर गांव जेबा में हाईटेंशन लाइन पर तार सही कर रहे थे। इस बीच सप्लाई शुरू कर दी गई। इससे विमलेश करंट की चपेट में आकर जलता हुआ पोल से नीचे आ गिरा और मौके पर ही दम तोड़ दिया। सतीश के शोर मचाने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। 108 सेवा की एंबुलेंस से विमलेश को सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। विमलेश चार भाइयों में सबसे बड़ा था। विमलेश के पिता संजय के पास तीन बीघा जमीन है। वह खेती के साथ ही मजदूरी कर परिवार की गुजर करते हैं। विमलेश भी लाइनमैन का काम कर परिवार की गुजर में पिता का हाथ बंटाता था। विमलेश की मौत से भाई कमल, परीक्षित, सुरक्षित, मां रेशमा देवी और पिता संजय का रो-रोकर बुरा हाल है। निजी लाइनमैन की मौत होने पर उपकेंद्र पर मौजूद कर्मचारी ताला डालकर भाग गए। इससे पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद हो गई। गांव कटका, शिवपुरी, जेवा, सुजानपुर फीडर के करीब 45 गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई। अधिकारियों ने अपने फोन बंद कर लिए हैं।
घटना की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग की ओर से फार्म भरवाकर भेजा जाएगा। जांच होने के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
राजकुमार, एक्सईएन बिजली निगम पुवायां