फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापरवाही: शिव जी की बरात में रथ में उतरा करंट,घोड़ों की गई जान

विज्ञापन
विज्ञापन
जलालाबाद। बिजली का तार टूटकर गिरने या खंभों में करंट उतर आने से लगातार हो रहे हादसों के बीच गुरुवार रात नगर में निकल रही शिव बारात के दौरान बिजली के खंभे में आ रहे करंट से बग्घी (रथ) में जुते दो घोड़ों की मौत हो गई। गनीमत रही कि शिव के स्वरूप और मेला देख रहे लोग अनहोनी का शिकार होने से बच गए। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई कोतवाल रवि कुमार की सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालकर घोड़ों के शव पोस्टमार्टम को भिजवाए। हालांकि प्रशासन ने पीड़ित को किसी भी तरह की कोई सरकारी सहायता देने से हाथ खड़े कर दिए हैं।
विज्ञापन

नगर में चल रहे रामलीला के तहत गुरुवार को भगवान शिव की शोभायात्रा निकाली जा रही थी शोभायात्रा में शामिल कई घोड़ा बग्घी (रथ) में से एक बग्घी गांव माल्हूपुर निवासी खुर्शीद की थी जिस पर भगवान शिव सवार थे रात करीब 11 बजे हल्की बूदाबांदी के बीच शोभायात्रा नलवाली गली से गुजर रही थी काफी संकुचित इस रोड किनारे बिजली का खंभा लगा था जिसमें करंट आ रहा था जब उसके पास से खुर्शीद की बग्घी निकली तो उसमें किसी तरह करंट उतर आया एहसास होने पर बग्घी पर शिव स्वरूप में बैठे दिनेश द्विवेदी सड़क पर कूद गए जबकि बग्गी के दोनों घोड़ों ने पलक झपकते दम तोड़ दिया।
गनीमत रही कि उसी खंभे के पास खड़े गली में रहने वाले दर्जनों महिलाएं व बच्चे शोभायात्रा देख रहे थे उनमें से कोई करंट की चपेट में नहीं आ गया वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी। सूचना पाकर एसडीएम सुरेंद्र कुमार, सीओ ब्रह्मपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और किसी तरह शोभायात्रा को आगे बढ़वाकर दोनो घोड़ों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए। एसडीएम ने बताया कि दुधारू पशु की मौत पर सरकारी मुआवजा देने का प्रावधान है इस हादसे के पीड़ित को कई आर्थिक सहायता नहीं दी जा सकती है।
विज्ञापन

फूट-फूटकर रोया पीड़ित
पलक झपकते दो घोड़ों की मौत हो जाने के बाद बग्घी चालक फूट फूटकर रो पड़ा। बताया कि करीब डेढ़ लाख की कीमत के इन घोड़ों को उसने जैसे-तैसे रुपये की व्यवस्था कर खरीदा था और पत्नी बच्चों समेत छह लोगों वाले उसके परिवार की गाड़ी इन्हीं घोड़ो के सहारे खिंचती थी। बताया बग्घी का काम न होने पर दिन में वह एक घोड़ा तांगे में जोतकर सवारियां ढो लेता था। जमीन आदि न होने से यही घोड़े उसके परिवार की उम्मीद थी अब उसके सामने अपने चार बच्चों के भरण पोषण की समस्या खड़ी हो गई है।
एक माह में हो चुके है कई हादसे
-19 अगस्त को गांव भुड़िया भूड़ में बिजली का करंट लगने से 20 वर्षीय गोविंद और उसके 32 वर्षीय चचेरे भाई विनोद की मौत।
-29 अगस्त को नगर के मोहल्ला प्रेमनगर में करंट लगने से 25 वर्षीय अनीता पत्नी प्रशांत वर्मा की मौत।
-मंडी गेट के सामने बिजली के खंभे में अक्सर उतरने वाले करंट की चपेट में आने से कुछ महीनों में कई जानवरों की हो चुकी है मौत।
शुक्रवार सुबह भी मर गई एक गाय
शोभायात्रा के दौरान करंट लगने से दो घोड़ों की हुई मौत और देव स्वरूपों के बाल बाल बचने का यह पहला मामला था जिसकी अधिकांश लोगों को सुबह जानकारी हुई और जगह-जगह इस बात की चर्चा के दौरान लोग बिजली विभाग के प्रति आक्रोशित नजर आ रहे थे यह वाकया अभी लोगों के जेहन से हटा भी नही था तब तक शुक्रवार सुबह इस हादसा स्थल से कुछ कदम आगे वैष्णो प्रिंटिंग प्रेस के पास बिजली खंभे में आ रहे करंट की चपेट में एक गाय आ गई और उसने कुछ ही देर में तड़पकर दम तोड़ दिया।
राष्ट्रीय बजरंग दल ने दिया ज्ञापन
राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांतीय मंत्री मुनिराज सिंह के नेतृत्व में एसडीएम सुरेंद्र कुमार से मिले कार्यकर्ताओं ने उन्हें बिजली अव्यवस्था से संबंधित तीन सूत्री ज्ञापन देकर उनका तत्काल निस्तारण कराने की मांग की।
ज्ञापन में बिजली विभाग की लापरवाही से अभी हाल ही में जनहानि सहित कई पशुओं की हुई मौत का जिक्र करते हुए पीड़ित बग्घी चालक को मुआवजा दिए जाने, नगर में लगे सभी लोहे के खंभों पर प्लास्टिक चढ़वाने, बिजली के जर्जर तारों की जगह बंच केबल डलवाए जाने के अलावा रामलीला मैदान के ऊपर से निकालकर एक स्कूल को दिए गए बिजली कनेक्शन के तारों को हटवाने या फिर वहां बंच केबल बिछवाए जाने की मांग शामिल है। ज्ञापन देने वालों में अमित दीक्षित, बिपिन सिंह, क्षितिज गुप्ता, अर्पित गुप्ता आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें