ददरौल। थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव कुतुआपुर निवासी दिव्यांग युवक का शव शनिवार सुबह गांव के बाहर नीम के पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। घरवालों ने मृतक के ससुरालवालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
गांव कुतुआपुर निवासी 30 वर्षीय वीरपाल एक पैर से दिव्यांग था। सात साल पहले उसकी शादी हुई थी और आठ माह की एक बेटी है। शनिवार सुबह जब गांव वाले खेतों की ओर निकले तो उसका शव गांव से पांच सौ मीटर दूरी पर स्थित रामचंद्र के बाग में नीम के पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। गले में फंदा कसा था। वीरपाल की मां और भाई ने बताया कि वह दाहिने पैर से दिव्यांग था इसलिए पेड़ पर चढ़ नहीं सकता। उन्हें आशंका है कि उनके भाई की हत्या करके शव फंदे पर लटका दिया गया है। उन्होंने कहा कि चार दिन पहले वीरपाल पत्नी को लेने गया था लेकिन ससुराल वालों ने विदा नहीं की। ससुर ने अपने परिवारवालों के साथ मिलकर उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी थी। मां अंगूरा देवी और भाई रोहित ने बताया कि शुक्रवार रात को वह घर में सोया था और फिर कब घर से निकल गया, पता ही नहीं चला। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।