रोते बिलखते लाला तेली बजरिया निवासी मृतक अमित तिवारी के परिजन । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला लाला तेली बजरिया निवासी अमित तिवारी का शव रविवार रात मोहनगंज रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक के किनारे मिला। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम कराया है। मृतक की शिनाख्त बाइक के नंबर के माध्यम से हुई। अमित की पत्नी ने कुछ लोगों पर हत्या कर शव ट्रैक पर डालने का आरोप लगाया है।
37 वर्षीय अमित तिवारी का शव रविवार रात 12 बजे अपलाइन के किनारे पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक अमित की मौत मालगाड़ी की चपेट में आने से हुई थी। डाउन लाइन से गुजरी मालगाड़ी के चालक ने शव पड़ा देखकर कंट्रोल को जानकारी दी। जहां से पावर केबिन को लाइन पर लेकर जानकारी दी गई। उसके बाद आए मेमो पर एसआई करुणेश शुक्ला ने स्टाफ के साथ पहुंचकर शव कब्जे में लिया।
जीआरपी ने शव के शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन रात में कामयाबी नहीं मिली। इस बीच अमित तिवारी की बाइक मिली। मोबाइल एप पर बाइक का नंबर डालकर पूरी डिटेल निकाली गई। इसके बाद जीआरपी के सिपाही अमित के घर पहुंचे और परिजन को पूरी जानकारी दी।
पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक की पत्नी सरोज ने पति की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों से विवाद के बाद कई बार थाने और चौकी पर तहरीर देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। उन्हीं लोगों ने पति को मारकर ट्रैक पर डाल दिया।
जीआरपी के इंस्पेक्टर फजल-उर-रहमान खान ने बताया कि मालगाड़ी के चालक का मेमो आने के बाद मौके पर गए थे। पूरे मामले की जांच की जाएगी।
परिजन तलाश करते रहे, नहीं लगा सुराग
रात नौ बजे तक घर लौटने वाले अमित तिवारी रविवार को देर रात तक नहीं आए तो पत्नी सरोज ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारी में भी फोन कर पड़ताल की। काफी प्रयास के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजन घर लौट गए। रात करीब एक बजे जीआरपी के सिपाहियों ने पूरी जानकारी दी।