खुटार के गांव रघुनाथपुर में पंकज की हत्या के बाद जांच करती फोरेंसिक टीम। स्रोत पुलिस
खुटार। गांव सिवपुरी पन्नघाट निवासी 25 वर्षीय पंकज का शव गेहूं के खेत में मिला। पिता ने हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जगदीश ने बताया कि वह जाटव जाति के हैं। उनका पुत्र पंकज कंबाइन पर हेल्पर था। पुत्र के साथ गांव रघुनाथपुर बेला पहाड़ा का अंग्रेज सिंह फोरमैन का काम करता है। 13 मार्च को दिन में 11 बजे अंग्रेज सिंह से पंकज मिलने गया था।
देर रात तक नहीं लौटा तो वह अपने छोटे पुत्र रजनीश के साथ पंकज को तलाश करते हुए अंग्रेज सिंह के घर पहुंचे। अंग्रेज ने बताया कि पंकज रघुनाथपुर बेला पहाड़ा वाले कच्चे रास्ते पर है। माैके पर पहुंचे तो वहां रिंकू के खेत में पंकज का शव पड़ा मिला।
अंग्रेज से पंकज की मौत के बारे में पूछने पर वह मौके से भाग निकला। आरोप लगाया कि पंकज की हत्या अंग्रेज ने की है। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था। सीओ निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि पंकज के भाई सोनू की सूचना पर पुवायां, खुटार पुलिस के साथ ही फाॅरेंसिक टीम ने मौका-मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।