12वीं में पढ़ता था उत्कर्ष
उत्कर्ष पुवायां के कैंब्रिज कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं का छात्र था। परिजनों के अनुसार उत्कर्ष गुरुवार दोपहर घर के बाथरूम में नहाने के लिए गया था। बाथरूम में गैस गीजर लगा हुआ है। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने उत्कर्ष को आवाज दी, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर दरवाजे की कुंडी तोड़ी गई।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बाथरूम में उत्कर्ष अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सीएचसी से थाने में सूचना दी गई, लेकिन इससे पूर्व ही परिजन शव को लेकर शाहजहांपुर चले गए। शाहजहांपुर में भी मृत घोषित होने पर उत्कर्ष का शव घर लाया गया।
उत्कर्ष की मां है सरकारी शिक्षिका
पुलिस ने उत्कर्ष के घर जाकर घटना के बारे में जानकारी ली। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया। उत्कर्ष की मां अनुपम पांडे गांव सहोरा के सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। उत्कर्ष की मौत से पिता जितेंद्र, मां अनुपम, भाई उदित त्रिवेदी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पढ़ने में तेज था उत्कर्ष, नेवी में जाने की थी तमन्ना
उत्कर्ष पढ़ने में काफी तेज था। कैंब्रिज कॉन्वेंट स्कूल में एनसी से ही शिक्षा ग्रहण की थी। 10वीं में वह स्कूल की टॉप 10 सूची में शामिल था। जानकारी पाकर डॉयरेक्टर डॉ. रचित अग्रवाल उत्कर्ष के घर पहुंचे और दुखी परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने बताया कि उत्कर्ष ने 31 दिसंबर को हाईस्कूल की मार्कशीट स्कूल से लेकर एनडीए परीक्षा के लिए आवेदन किया था। उत्कर्ष नेवी में जाकर देश की सेवा करना चाहता था।