शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल काॅलेज में मरीज के बेड पर शव को रख दिया गया। शव को बेड पर रखे जाने को लेकर मरीजों ने नाराजगी जताई। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल भी उठने लगे हैं।
मेडिकल कॉलेज में पुराने ट्राॅमा सेंटर के निर्माण कार्य के चलते नए भवन में ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था की गई है। यहीं पर मरीजों के लिए बेड डालकर उपचार की व्यवस्था की है। मंगलवार को वायरल हुए वीडियो में बेड पर मरीज लेटा है, साथ ही शव भी रखा है। वीडियो सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों ने निशाना साधना शुरू कर दिया।
दूसरी ओर प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि बेड पर मरीज पहले से बैठा था। तभी लखीमपुर से एक मरीज को गंभीर हालत में वार्ड में लाया गया था। सारे बेड भरे होने के कारण नजदीक के बेड पर लखीमपुर के मरीज को लिटा दिया। मरीज का तत्काल ईसीजी करने के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।