मृत हरिओम का फाइल फोटो। शाहजहांपुर से
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर/मीरानपुर कटरा। सदर बाजार थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर एलएलबी की पढ़ाई कर रहे छात्र का शव मंगलवार शाम मीरानपुर कटरा क्षेत्र में एक खेत में मिला। पुलिस प्रथमदृष्टया हत्या की आशंका व्यक्त कर रही है। छात्र 18 मार्च से लापता था जिसकी गुमशुदगी सदर बाजार थाने में दर्ज थी। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
मीरानपुर कटरा के पिपलीखुर्द गांव के रहने वाले अशोक सिंह का बेटा हरिओम (20) एसएस कॉलेज से एलएलबी के तीसरे सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। वह सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहनगंज मोहल्ले में किराये के कमरे में रहता था। उसके पेपर चल रहे थे जिसका सेंटर जीएफ कॉलेज में था। 19 मार्च को वह पेपर देने गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। संपर्क न होने पर परिजन ने उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। तब पिता अशोक सिंह ने सदर बाजार थाने में गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज कराई थी। सदर बाजार पुलिस छात्र की तलाश कर रही थी। मंगलवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि मीरानपुर कटरा क्षेत्र में मरेना गांव जाने वाले रास्ते पर खेत में एक सड़ागला शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और पिता अशोक से हरिओम की शिनाख्त कराई। शव के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे। इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि युवक की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। आशंका है कि छात्र के लापता होने के दिन ही उसकी हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलने पर एसपी एस आनंद, एसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सिटी प्रवीण कुमार आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। सदर बाजार पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का मानना है कि किसी रंजिश में युवक को ले जाकर हत्या की गई है। पुलिस प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका से इंकार नहीं कर रही है। पुलिस को वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। बुधवार को पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
हरिओम चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई है। हरिओम की मौत से मां वीना देवी और पिता अशोक के साथ परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
लापता छात्र का शव मिला है। पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। हत्या की आशंका है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। - एस आनंद, एसपी