गांव के जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ का छात्र विवेक बुधवार दोपहर घर में खाना खाकर खेलने निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद भी सुराग नहीं लगने पर हीरालाल की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। बृहस्पतिवार को अपराह्न करीब एक बजे गांव के राजेंद्र ने गन्ने के खेत में विवेक का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने मृतक के बड़े भाई पंकज को सूचना दी। इसके बाद परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर सीओ अमित चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और उच्चाधिकारियों से फोन पर बातचीत की। इस बीच एसपी ग्रामीण मनोज अवस्थी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए तिलहर-निगोही मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चलता रहा। साढ़े चार बजे एसपी देहात और पूर्व विधायक रोशन लाल के बीच हुई वार्ता के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।