अखलाक का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
- फोटो : Samvad
परौर। बंगाल प्रांत के दिनाजपुर जिले के थाना इस्लामगढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह ट्रक की टक्कर लगने से परौर थाना क्षेत्र के जरौली गांव निवासी मोहम्मद अखलाक (30) की मौत हो गई, जबकि उनके पिता हनीफ खां घायल हो गए।
परिजनों के अनुसार, हनीफ खां कई वर्षों से डीसीएम चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। पिछले वर्ष उन्होंने नई डीसीएम ली थी। पिता-पुत्र माल लेकर बंगाल गए थे। वहां हुए हादसे में अखलाक की मौत हो गईं। उनके पिता हनीफ को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरी ओर गांव के जावेद खान भी बंगाल डीसीएम लेकर गए हुए थे।
जानकारी होने पर वह मंगलवार दोपहर घायल हनीफ व उनके बेटे के शव को लेकर गांव पहुंचे। शाम को गमगीन माहौल में अखलाक के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। परिजनों ने बताया कि अखलाक माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा थे। उसके दूसरे भाई की कई साल पहले मौत हो गई थी। परिजनाें ने बताया कि हनीफ की पांच बेटियों में तीन की शादी हो चुकी है।