खुदागंज। गौहनिया गांव में शुक्रवार को दोपहर कुछ लोग कीर्ति गुप्ता के बंद मकान में छत के रास्ते घुस गए और घर में रखी सेफ चाबी से खोलकर उसमें रखे 50 हजार रुपये सोने-चांदी के जेवर समेत लाखों का माल चोरी कर ले गए।
कीर्ति ने थाने में तहरीर देकर गांव के ही चार लोगों पर घर में घुसकर नकदी और जेवर चोरी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे मार्ग के किनारे स्थित अपने मकान पर ताला लगाकर बाहर गई थीं। इसी दौरान गांव की एक महिला समेत चार लोग छत के रास्ते घर में घुस गए।
आरोपियों ने नकदी समेत सोने की कई अंगूठियां, सोने की चेन, चांदी की पायल आदि जेवर चोरी कर लिए। बाद में आरोपी पीछे वाले गेट से निकल गए। पास में रहने वाली बड़ी पुत्रवधू ने भी आरोपियों को घर से निकलते देखा है। थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्य के अनुसार मामले की जांच होने के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद