मीरानपुर कटरा। ननिहाल कंकलिया धर्मपुर गांव आए बदायूं के दातागंज क्षेत्र के गांव खलीलपुर निवासी धीरेंद्र यादव के नौ वर्षीय पुत्र कौशल यादव की शनिवार को दोपहर गांव के पास स्थित बहगुल नदी में नहाने के दौरान डूबकर मौत हो गई। मौके पर मौजूद उसके भाई शिवांशु ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वह भी गहरे पानी में गोते खाने लगा, लेकिन उसकी किसी तरह जान बच गई।
दोनों बच्चे कंकलिया धर्मपुर निवासी अपने नाना मिलाप यादव के घर मेहमानी में आए थे। शनिवार को दोपहर करीब 12:30 बजे दोनों भाई घरवालों के मना करने पर भी गांव के सामने से निकली बहगुल नदी में नहाने चले गए। कौशल को डूबते देख उसके भाई शिवांशु ने शोर मचाते हुए भाई को बचाने को प्रयास किया, लेकिन वह भी डूबने लगा।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह शिवांशु को बचा लिया, लेकिन जब तक गहरे पानी में डूबे कौशल को बाहर निकाला गया, उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर गांव पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह सेंगर ने बताया कि नदी में डूबकर बालक कौशल की मौत हुई है। घरवालों के कहने पर शव को बिना पोस्टमार्टम कराए पंचनामा भरकर उन्हें सौंप दिया गया है।