शाहजहांपुर। जिले में बच्चों के टीकाकरण की स्थिति संतोषजनक नहीं है। टीकाकरण के बाद भी यूविन पोर्टल पर फीडिंग पूरी नहीं होने से आंकड़ों में बच्चों का पूर्ण टीकाकरण दर्ज नहीं हो पा रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, निगोही और भावलखेड़ा ब्लॉक की स्थिति सबसे चिंताजनक है। जैतीपुर में 83.32 प्रतिशत बच्चों का पूर्ण टीकाकरण दर्ज किया गया है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जिले में एक वर्ष तक के 44,281 बच्चों के सापेक्ष 24,075 बच्चों का ही पूर्ण टीकाकरण दर्ज है। निगोही में 3,643 बच्चों के सापेक्ष 1,396 का ही टीकाकरण दर्ज है। यहां 2,247 बच्चों का टीकाकरण रिकॉर्ड अधूरा है। इसी तरह भावलखेड़ा में 4,189 बच्चों में से 1,642 का टीकाकरण हुआ है।
नोडल अधिकारी डॉ.आसिफ ने बताया कि बच्चों के टीकाकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यूविन पोर्टल पर फीडिंग का कार्य नहीं हो पाया है। इंटरनेट समेत कई दिक्कतों के चलते फीडिंग नहीं हो पा रही है। कार्य को अभी नौ महीने हुए हैं। मार्च में शत-प्रतिशत टीकाकरण पूर्ण हो जाएगा।