फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: घरों में अंधेरा, दिलों में गुस्से का करंट

Mon, 26 May 2025 11:17 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
पलिया विद्युत निगम में प्रदर्शन करते सरखना के ग्रामीण। संवाद
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी/पलियाकलां। जिले में बिजली संकट से राहत नहीं मिल पा रही है। शहर से लेकर गांवों तक ट्रिपिंग से लोग परेशान हैं। वहीं, पलिया, मझगईं सहित क्षेत्र के कई गांवों में छह दिनों से आपूर्ति ठप है। सोमवार को घरों में अंधेरा देख लोगों के दिलों में गुस्से का करंट दौड़ गया। उपकेंद्र में प्रदर्शन कर उन्होंने बिजली की व्यवस्था सुचारू करने की मांग की।
विज्ञापन

शहर में गढ़ी पाॅवर हाउस के बक्सा मार्केट की आपूर्ति सोमवार को छह घंटे तक बाधित रही। संकटा देवी सहित कई मोहल्लों में रविवार रात फॉल्ट होने से बत्ती गुल रही। छाउछ उपकेंद्र के कनौजिया काॅलोनी सहित कई मोहल्लों में बिजली की आंख-मिचौली का खेल जारी रहा।
वहीं, पलियाकलां के सरखना पूरब गांव के बड़ी संख्या में उपभोक्ता सोमवार को विद्युत निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। बताया कि सरखना पूरब क्षेत्र की आपूर्ति 21 मई को आंधी आने के बाद से ठप है। आंधी में कई जगह खंभे गिर गए थे। आसपास के गांवों में तो समस्या दूर कर दी गई, लेकिन केवल एक विद्युत खंभे को ठीक न कर करीब आधे गांव की आपूर्ति को सुचारू नहीं किया गया।
विज्ञापन

ग्रामीणों का आरोप है कि जेई, लाइनमैन को कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने काॅल नहीं उठाई। कहा कि एक्सईएन किसी का भी फोन रिसीव नहीं करते हैं। बिजली न आने पर ग्रामीणों ने बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी।
-
बैंकों में कामकाज ठप, ग्राहक परेशान

महेवागंज/फूलबेहड़। बिजली न आने से जिला सहकारी बैंक शाखा फूलबेहड़ का सिस्टम पांच दिनों से बंद है, जिससे लेन-देन प्रभावित है। घंटों इंतजार के बावजूद ग्राहकों को मायूसी हाथ लगी। जिला सहकारी बैंक फूलबेहड़ में 22 मई से जनरेटर खराब पड़ा है। शाखा प्रबंधक अजय कुमार ने बताया कि फरवरी में धौरहरा शाखा से एक जनरेटर आया था, तब से किसी तरह जेब से जनरेटर के तेल का इंतजाम किया गया। अनुबंध के अनुसार बाद में वो रुपये नहीं मिले। डीजल का कोई पैसा नहीं मिलता है। कोई ऑपरेटर भी नहीं है। हेड ऑफिस को भी समस्या से अवगत कराया जा चुका है। फिलहाल समस्या के निदान की कोशिश की जा रही है। संवाद
-
मझगईं के 12 से अधिक गांव प्रभावित
मझगई। छब्बापुरवा गांव में टूटे खंभे को हटा कर नया लगा दिया गया, जिससे आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जगी है। नया पुरवा, खाले पुरवा, चोरी, विष्णुपुर, पंछी फॉर्म, बबौरा, गोते बाज पुरवा, मोती पुरवा, मुन्ना पूरवा, सिसवारा गदियाना, भदुरहिया गदियाना सहित लगभग 12 से अधिक गांवों में आपूर्ति का संकट पिछले छह दिनों से बना हुआ है। जेई गिरीश कुमार ने बताया कि कर्मचारी लाइन दुरुस्त करने में लगे हैं। जल्द लाइन दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। संवाद

अलीगंज में रातभर परेशान रहे लोग
अलीगंज। कस्बे में रविवार रात से आपूर्ति ठप होने से उपभोक्ताओं में रोष है। उपभोक्ता रात भर उमस भरी भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। सोमवार दोपहर बाद आपूर्ति चालू होने से लोगों ने राहत की सांस ली। अलीगंज में बिजली की ट्रिपिंग से लोग परेशान हैं। अलीगंज में बिजली के आने-जाने का कोई भी समय तय नहीं है। जब चाहते तब काट देते। भीषण गर्मी में उपभोक्ता का हाल बेहाल है। फसलों की सिंचाई भी प्रभावित हो रही है। संवाद

लोग बोले-अधिकारी नहीं उठाते हैं फोन
ममरी। गोला-मोहम्मदी फीडर लाइन से जुड़े कई गावों की बिजली सोमवार को दिनभर ठप रही। क्षेत्र के गांव धिरावां, कैथोला, ऊंचा गांव, सहुआपुर, बेहड़ा मुल्तान, खोखाय होते हुए हेमपुर गांव को जाने वाली बिजली आपूर्ति रविवार रात नौ बजे बाधित हो गई थी, जो सोमवार दिनभर ठप रही। अब तक गांव वालों को बिजली नहीं मिलने गांव वालों में हाहाकार मचा है। सभी गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। ग्रामीणों ने कहा, कोई भी कर्मचारी और अधिकारी फोन उठाने को तैयार नहीं हो रहा है। कर्मचारियों और अधिकारियों की लापरवाही के चलते आपूर्ति चालू नहीं हो सकी। अवर अभियंता शिवम पांडे ने बताया कि काम चल रहा है। काम पूरा होते ही आपूर्ति चालू करा दी जाएगी।
-
पूरे दिन नहीं मिली बत्ती, गर्मी में लोग परेशान
उचौलिया। सुबह बारिश के दौरान लाइन फाॅल्ट से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पूरे दिन बत्ती गुल रही, जिससे उपभोक्ताओं का हाल बेहाल रहा। अपराह्न करीब चार बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर जलने से कस्बे में पनाहपुर मार्ग के उपभोक्ताओं को रविवार दोपहर से बिजली नहीं मिल पा रही है। जेई शिवप्रकाश जोशी ने बताया कि ट्रांसफाॅर्मर आ गया है। आपूर्ति बहाल कराई जा रही। संवाद

पलिया विद्युत निगम में प्रदर्शन करते सरखना के ग्रामीण। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें