स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरा जिला ही जश्न में डूबा हुआ है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन और सांस्कृतिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में गांधी भवन में देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां हुईं, जिसमें कुछ कार्यक्रम शनिवार को होने वाले मुख्य समारोह के लिए चयनित किए गए।
प्रशासन और युवक बिरादरी की ओर से 15 अगस्त को होने वाले समारोह के लिए रंगारंग प्रस्तुतियों का चयन किया गया। स्कूल-कॉलेजों और डांस इंस्टीट्यूट के कलाकारों ने मनभावन कार्यक्रम प्रस्तुत कर निर्णायकों के समक्ष अपनी कला का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में निकहत परवीन, दपिंदर कौर और नितेश गुप्ता शामिल रहे। डॉ. इंदु अजनबी के संचालन में हुए कार्यक्रम में पवन सिंह, मो. इरफान, जितिन गुप्ता, अंकित मिश्रा आदि का योगदान रहा। बिरादरी के जिलाध्यक्ष नितेेश गुप्ता ने बताया कि जरा याद करो कुर्बानी नामक कार्यक्रम 15 अगस्त को शाम चार बजे से गांधी भवन में होगा।
इससे पूर्व जय भारत संस्था की ओर से हुए कार्यक्रम में कई स्कूलों के बच्चों ने प्रतिभाग किया और देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों पर नृत्य करके अमर शहीदों को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की। समापन पर मुख्य अतिथि एडीएम प्रशासन एमएन उपाध्याय ने प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस मौके पर भाषण प्रतियोगिता भी हुई, जिसके जूनियर वर्ग में सेंट पॉल्स स्कूल की वर्षा अग्रवाल और सीनियर वर्ग में एसएसएमवी की प्रगति सक्सेना विजेता रहीं। दूसरे स्थान पर प्रिया तिवारी, महिमा शर्मा तथा तीसरे स्थान पर याशिका सक्सेना और शाश्वत अवस्थी रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. रुचि द्विवेदी और डॉ. इंदु अजनबी शामिल रहे। संस्थाध्यक्ष राजीव कृष्ण अग्रवाल ने आभार जताया। आयोजन में मितुल अग्रवाल, आयुष अग्रवाल आदि का योगदान रहा।
इधर, भसीन पब्लिक स्कूल में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आजादी की वर्षगांठ मनाई गई। बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों पर नृत्य करके समां बांध दिया। गीतों के माध्यम से बच्चों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। क्रांतिकारियों पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। प्रबंधक विनोद भसीन और प्रधानाचार्य दीपिका भसीन ने शआजादी के महत्व को समझाया। सिटी पब्लिक स्कूल में हुए रंगारंग कार्यक्रम में बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर अमर शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया। प्रधानाचार्य डॉ. रागिनी सिंह ने बच्चों को आजादी का महत्व समझाया।
सुदामा स्कूल में रोपी गई पौध
डॉ. सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर कन्या जूनियर हाई स्कूल और डॉ. सुदामा प्रसाद विद्या स्थली में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पौध रोपित की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना वर्मा ने प्रबंध समिति के अध्यक्ष संतोष पांडेय, प्रबंधक शशि बाला गुप्ता, प्रधानाचार्य डॉ. राखी मिश्रा, साधना अग्रवाल, अर्चना सक्सेना, ममता वाजपेयी आदि के साथ विभिन्न प्रजातियों की पौध रोपित की।